Mon. Jul 21st, 2025

गढ़हरा में छठी पुण्यतिथि पर याद किए गए स्वतंत्रता सेनानी केशव मिश्र

 

गढ़हरा, बेगूसराय, रवि शंकर झा।।

सोमवार को गढ़हरा निवासी स्वतंत्रता सेनानी स्व. केशव भाई मिश्र की छठी पुण्य तिथि के मौके पर गढ़हरा में अलग-अलग जगहों पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर गढ़हरा दर्पण परिवार के सदस्यों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प चढ़ा कर श्रधांजलि अर्पित किये।

वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक मुक्तेश्वर प्रसाद वर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जबकि संचालन रंजीत कुमार सिंह ने किया।

इस मौके पर मौजूद जनवादी लेखक संघ के राज्य सचिव कुमार विनिताभ ने कहा कि केशव बाबू की मुख्य प्रवृति स्वाध्याय, संपर्क और सत्संग थी। इनकी आकांक्षाएं थी कि समतामूलक समाज की स्थापना हो। इसके लिए समाज के युवाओं में जागृति आये।

वहीं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित रिटायर्ड रेलकर्मी सुरेंद्र कुमार, स्काउट जिला सचिव जीवानंद मिश्र, रेल लोको पायलट व यूनियन नेता संजय कुमार सिंह, कोशी काँलेज खगड़िया के कर्मी विनोद कुमार मिश्र, मुकेश सिंह बबलू , मो दानिश महबूब, प्रेम कुमार पिंटू आदि ने केशव बाबू के याद में अपने-अपने विचार को व्यक्त किया।

बताया जाता है कि केशव बाबू सबकी उन्नति चाहने वाले एक महान व्यक्ति थे। वो विनोवा भावे के भूदान आंदोलन तथा जयप्रकाश नारायण की सम्पूर्ण क्रांति से जुड़े थे। स्वतंत्रता सेनानी केशव मिश्र 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में दो बार जेल भी जा चुके हैं।

मौके पर उपस्थित बुद्धिजीवियों ने श्री मिश्र के अधूरे कार्य को पूर्ण करने का संकल्प लिए। मालूम हो कि एक समय में श्री मिश्र गढ़हरा दर्पण परिवार के रीढ़ हुआ करते थे। वे गढ़हरा दर्पण नामक पुस्तक के रचयिता भी थे। श्री मिश्र के नेतृत्व में ही 12 साल पूर्व प्रथम ग्राम गौरव सम्मान समारोह का आयोजन हुआ था। इसी कड़ी के साथ सोमवार को गढ़हरा में श्री मिश्र के पुण्य तिथि के उपलक्ष्य पर आगामी 12 मार्च 2023 को आयोजित गढ़हरा ग्राम गौरव सम्मान समारोह को सफल बनाने के लिए बुद्धिजीवियों ने अपने-अपने विचार को व्यक्त किया।

वहीं दूसरी ओर स्वतंत्रता सेनानी केशव भाई मिश्र के आवास पर उनके छठी पुण्यतिथि युवा विकास मोर्चा के संस्थापक सदस्य दिनेश मिश्र “दीन” नेतृत्व में मनाया गया। छठी पुण्यतिथि के मौके पर मोर्चा संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि गढ़हरा की इस ऐतिहासिक धरती पर ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी का जन्म होना सम्पूर्ण गढ़हरा ही नही जिला सहित पूरे बिहार के लिए गौरव है।

पुण्यतिथि के अवसर पर वक्ताओं ने महान स्वतंत्रता सेनानी केशव भाई मिश्र के नाम से प्रस्तावित गेट को पूरा करने का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता सेनानी केशव भाई मिश्र के पौत्र विनोद कुमार मिश्रा,ऋतिक मोहन राय,सर्वेन्द्र कुमार उर्फ बबलू,रमाकांत सिंह,चंद्रशेखर सिंह उर्फ महंथ ललित मिश्र सहित उपस्थित लोगो ने पुष्प अर्पित कर महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित किया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed