Sun. Oct 11th, 2026

प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में बेगूसराय के 7 खिलाड़ियों का चयन, रग्बी फुटबॉल में दिखाएंगे दम

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार सरकार तथा मुंगेर प्रमंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के रग्बी फुटबॉल मुकाबले के लिए बेगूसराय जिले के सात बालक-बालिका खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों, अभिभावकों और खेल जगत से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है।

प्रमंडल स्तरीय टीम में बालिका वर्ग के अंडर-14/17 आयु वर्ग से आरुषी कुमारी, अस्मिता कुमारी, पायल कुमारी एवं संजना कुमारी का चयन हुआ है। वहीं, बालक वर्ग के अंडर-14/17 आयु वर्ग में शुभम कुमार, मनीष कुमार तथा रौशन कुमार ने अपनी जगह बनाई है।

खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

खिलाड़ियों के चयन पर बेगूसराय के जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिता में बेहतर खेल प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।

वहीं, बेगूसराय खेल विभाग में कार्यरत शारीरिक शिक्षकों ने भी चयनित खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।

खेल संयोजक और शारीरिक शिक्षकों ने दी बधाई

इस अवसर पर बेगूसराय खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार, चिरंजीव कुमार ठाकुर, राजेश कुमार रोशन, कन्हैया भारद्वाज, अमन कुमार, ब्रजेश कुमार सहित अन्य लोगों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी : रौशन कुमार राय

बेगूसराय रग्बी फुटबॉल संघ के सचिव एवं शारीरिक शिक्षक रौशन कुमार राय ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों को मानसिक रूप से स्वस्थ और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।

उन्होंने कहा कि अभिभावकों के सहयोग और उचित मार्गदर्शन से बच्चे खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं तथा भविष्य में जिले और राज्य का गौरव बढ़ा सकते हैं।

सात खिलाड़ियों के चयन से बेगूसराय के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। अब खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि चयनित खिलाड़ी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

नेशनल न्यूज़ टुडे | खबरें वही जो हो सही

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post