Thu. Oct 8th, 2026

छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने योग्य युवाओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के दिशा-निर्देशों के आलोक में बेगूसराय जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने योग्य युवाओं के पंजीकरण के लिए एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के प्रारंभिक चरण में सभी मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी (BLO) विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व की सूची एवं वर्तमान निर्वाचक सूची का विस्तृत मिलान करेंगे। इसके आधार पर ऐसे मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम पूर्व की सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि (ASD) से संबंधित सूचियों तथा अंतिम सूची में किए गए संशोधनों को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

इसके बाद BLO द्वारा घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक BLO प्रति सप्ताह लगभग 20 से 25 मतदाताओं का सत्यापन करते हुए एक माह में प्रक्रिया पूरी करेंगे। सत्यापन के दौरान छूटे हुए पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करने के लिए आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।

पारदर्शिता एवं व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए तैयार सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ भी साझा किया जाएगा। BLO द्वारा प्राप्त प्रपत्र-6 एवं क्षेत्रीय सत्यापन प्रतिवेदन संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिले में विभिन्न बूथ स्तरीय विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों में रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक बस्तियों, बेघर लोगों तथा हाशिए पर रहने वाले वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी, बेगूसराय ने जिले के नागरिकों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शिक्षण संस्थानों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने पात्र नागरिकों से BLO के घर-घर सत्यापन के दौरान आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने तथा प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम निर्वाचक सूची में दर्ज कराने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed