न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय जिले के इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में “स्वच्छता हर किसी की जिम्मेदारी है” विषय पर आधारित स्वच्छता पखवाड़ा 2026 (01 जुलाई से 15 जुलाई 2026) के अंतर्गत स्वच्छता एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत 03 जुलाई 2026 को महना एवं नूरपुर गांवों में स्थानीय ग्रामीणों के बीच हाइजीन किट्स का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा स्वच्छ आदतों को प्रोत्साहित करना था। उन्हे साबुन, ब्लीचिंग पाउडर, टी-शर्ट तथा आस पास वृक्षारोपण के लिए पेड़ भी प्रदान किए गए।
इसी क्रम में 03 एवं 04 जुलाई 2026 को सांस्कृतिक संस्था ‘द प्लेयर्स एक्ट’ रंगमंडल द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बेगूसराय रेलवे स्टेशन, केंद्रीय विद्यालय, इंजीन्यरिंग कॉलेज, एसओएस गाँव, बरौनी रिफाइनरी मुख्य द्वार, रिफाइनरी टाउनशिप तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर नुक्कड़ नाटक “स्वस्थ भारत, सुंदर भारत” का सफल मंचन किया गया। कलाकारों ने स्वच्छता पखवाड़ा 2026 की थीम “स्वच्छता हर किसी की जिम्मेदारी है” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत एवं प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने हेतु प्रेरित किया गया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया।

इसके अतिरिक्त, 05 जुलाई 2026 को बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश ने किया। इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) श्री संजय रायजादा, मुख्य महाप्रबंधकगण तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डीजीआर लाइन से स्वच्छता ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर की गई। पदयात्रा में डीजीआर कर्मचारियों, बरौनी रिफाइनरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, अनुबंध श्रमिकों तथा टाउनशिप वासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह पदयात्रा डीजीआर लाइन से प्रारंभ होकर बरौनी रिफाइनरी अस्पताल, कल्याण केंद्र, सूर्य सरोवर तालाब, आईओसी केंद्रीय विद्यालय तथा बीआरसीसी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स होते हुए अतिथि गृह के समीप संपन्न हुई। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता संबंधी संदेशों एवं नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

बरौनी रिफाइनरी द्वारा आयोजित स्वछता कार्यक्रम इस बात को रेखांकित करते हैं कि स्वच्छता एक सामूहिक सामाजिक दायित्व है। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के माध्यम से रिफाइनरी समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए सक्रिय योगदान दे रही है। अर्पिता पटेल, कॉर्पोरेट संचार अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।

