बेगूसराय ::–
विजय श्री ::–
28 जून 2020 रविवार
बिहार में विधानसभा चुनाव अब अपने चुनावी मोड में आता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल रैली के बाद संपूर्ण राष्ट्र में प्रमुख नेताओं द्वारा वर्चुअल रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने का कार्य रफ्तार पकड़ रही हैं।
आज बेगूसराय विधानसभा के जिला भाजपा कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित करते हुए भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि बेगूसराय निश्चित तौर पर राष्ट्रवाद के प्रखर संरक्षक एवं संवर्धन की भूमिका में सदैव से ही अपनी एक अलग पहचान रखता है। जिसका सुखद परिणाम है कि सम्पूर्ण जिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा निरंतर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर जन-जन से संपर्क साध कर उनके समस्याओं के समाधान हेतु विभिन्न प्रकार के कार्य निरंतर किए जाते रहे हैं।
वैश्विक महामारी एवं विपदा की इस मुश्किल घड़ी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह एवं समर्पण के साथ आम जनमानस की सेवा की है वह निश्चित तौर पर प्रशंसनीय है। बेगूसराय की मिट्टी में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर का साहित्य खुला है तो वहीं दूसरी तरफ इस मिट्टी को बिहार केसरी डॉक्टर श्री कृष्ण सिंह ने अपने कर्मयोग से सींचा है। लंबे अरसे तक केंद्र सरकार की उपेक्षाओं का दंश झेल रहा है यह जिला वर्तमान सरकार के दृढ़ इच्छाशक्ति से पुनः औद्योगिक नगरी के रूप में अपनी ख्याति को प्राप्त करने हेतु तैयार है।
गंगा नदी पर बन रहा सिक्स लेन पुल, जीरो माइल खगड़िया फोरलेन, रिफाइनरी का विस्तारीकरण, फर्टिलाइजर का जीर्णोद्धार समेत अन्य कई बहुआयामी योजनाओं ने बेगूसराय को एक नई शक्ति के साथ पुनः खुद को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का एक सुनहरा अवसर दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बेगूसराय में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली सरकार ने इतनी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है कि केवल उसके लेखा-जोखा जनजन तक पहुंचाने मात्र से आम जनमानस स्वतः स्फूर्त होकर भारतीय जनता पार्टी को बहुमत दिलाने का काम करेगी।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार को बर्बाद करने वाले लोग आज बिहार में बदलाव का राग अलाप रहे। जो उन्हें मौका मिला तब उन्होंने बिहारियों का हक छीनने का काम किया है। राजनीति के निम्न स्तर पर जाकर जिस प्रकार से जन सरोकार एवं सेवा से बिना कोई सामंजस्य रखे, केवल अपनी तिजोरीओ को भरने का काम कर जिस प्रकार से उन्होंने बिहार को लूटा है वह बिहार की जनता भली-भांति जानती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आप जन जन से संपर्क कर केवल अपने कार्यों का ब्यौरा उन्हें सौंपें ताकि एक बार पुनः भाजपा को बहुमत मिले एवं बिहार में विकास के जो कड़ी चलती आ रही है वह और अधिक मजबूती के साथ बिहार का सर्वांगीण विकास करें।
इस मौके पर जानकारी देते हुए जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी ने बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को संपूर्ण जिले के लगभग 1000 जगहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सुना गया। उन्होंने मन की बात कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ना केवल देश की वर्तमान परिस्थितियों से लड़ रहे हैं बल्कि उस लड़ाई का नेतृत्व करते हुए उन्होंने हर संभव राष्ट्र की एकता अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने की जिम्मेदारी भी उठा रखी है।
भारत को आत्मनिर्भर बनाने की मूल उद्देश्य से जिस प्रकार से उन्होंने भारतीय जनमानस से स्वदेशी अपनाओ की मुहिम छेड़ी है वह निश्चित तौर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं भारत की अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने का काम करेगी।
वोकल फ़ॉर लोकल की इस मुहिम में आम जनमानस की सहभागिता भारत में लघु एवं कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने का काम करेगी। संपूर्ण देश जब आज चुनौतियों से लड़ रहा है तो उन्हें चुनौतियों के बीच से अवसर निकाल कर राष्ट्र को और अधिक मजबूती देने का काम आदरणीय प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता से संभव हो पाएगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पु ने किया। जिला आईटी सेल संयोजक आलोक कुमार बंटी एवं विधानसभा आईटी सेल संयोजक आलोक कुमार के तकनीकी सहयोग से कार्यक्रम सम्पूर्ण किया गया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह, विधान परिषद सदस्य रजनीश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुंदन सिंह, बंदना सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र मेहता, जिला प्रभारी मुरारी मोहन झा, निवर्तमान अध्यक्ष संजय सिंह, भाजपा नेता अमरेंद्र अमर, सुरेश रॉय, जिला उपाध्यक्ष कुंदन भारती, अनिल सिंह, जिला महामंत्री आसुतोष कुमार हीरा, जिला कोषाध्यक्ष रामकल्याण सिंह, जिला आईटी सेल संयोजक आलोक बंटी, जिला मंत्री राकेश पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी, निरंजन सिंह, अंकित सिंह, देवानंद कुशवाहा, मनीष पाठक, सुनामी एवं अनेकों कार्यकर्ता मौजूद थे।



