Tue. Feb 10th, 2026

साईं की रसोई ने पूरे किए 300 दिन, जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने वाली संस्था के रूप में विख्यात

बेगूसराय ::–

विजय श्री ::–

25 जून 2020 गुरुवार

सद्गुरु साईं नाथ की कृपा और आम जनमानस के साथ व सहयोग से 29 अगस्त 2019 गुरुवार से सदर अस्पताल के मरीज व उनके परिजनों को महज 5 रुपये में रात्रि भोजन उपलब्ध करवाने की मुहिम ने अपने 300 दिन पूरे किए। साईं की रसोई बेगूसराय में जरूरतमंद के लिए दूत के रूप में उभर कर सामने आई है ।

साईं की रसोई के द्वारा सिर्फ रात्रि भोजन ही उपलब्ध नहीं कराया जाता है बल्कि प्राकृतिक आपदा के वक़्त भी जरूरतमंदों की मदद कई स्तर पर की जाती रही है । बाढ़ के वक़्त बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पका हुआ भोजन , सूखा भोजन , दवाइयां समेत कई प्रकार से राहत पहुंचाना हो या अभी हाल ही में कोरोना जैसे महामारी में वृहत पैमाने पर राशन वितरण व पका हुआ भोजन वितरण हो । साईं की रसोई टीम मुस्तैदी से सामाजिक कार्यों में लगी हुई है , यही वजह है कि आज साईं की रसोई किसी परिचय की मोहताज नहीं रही।

अपने किये गए सही कार्यों के वजह से ही आज जिले ही नहीं बल्कि बाहर के लोगों का भी लगातार सहयोग रसोई को प्राप्त हो रहा है । साईं की रसोई टीम के सदस्य जरूरतमंदों के लिए हरेक स्तर के कार्यों के लिए सदैव आगे रहते हैं । रसोई टीम के सदस्य किसी जरूरतमंद को रक्तदान करने से भी पीछे नहीं हटते। वहीं किसी जरूरतमंद परिवार के बेटी की शादी हो तो उसमें भी उनकी मदद सभी के सहयोग से कराने में आगे रहते हैं ।

300 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में बीते बुधवार को टीम की हौसला अफजाई करने बेगूसराय के जाने माने शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ कुमार सावन, अनुपम मिष्ठान भंडार के प्रोपराइटर रूपक सिंह, पटना एचडीएफसी बैंक में कार्यरत रघुवीर कुमार, जनार्दन दास समेत अन्य गणमान्य ने हिस्सा लिया ।

इस मौके पर लॉकडाउन के दौरान साईं की रसोई के राशन वितरण अभियान में अहम योगदान देने वाले साथियों को मोमेंटो, पौधा व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया । वहीं 300वें दिन के उपलक्ष्य में 300 जरूरतमंद लोगों को भोजन के तौर पर पूरी, सब्जी, जलेबी, आम और केला का फूड पैकेट दिया गया। साईं की रसोई के 300 दिन पूरे होने पर आए डॉ सावन ने पूरी रसोई टीम को बधाई देते हुए इस मुहिम की भूरी भूरी प्रशंसा की।

वहीं रूपक सिंह ने इस मुहिम को लगातार आगे तक चलाने में आगे भी सहयोग देने का वादा किया। साईं की रसोई टीम के संस्थापक सदस्यों में से एक पंकज कुमार ने बताया कि साईं की रसोई आज अगर 300 दिन पूरा की है तो वो यहाँ स्थानीय लोगों का साथ व विश्वास है । वहीं रसोई टीम के सदस्य अंकित शर्मा व अनिल सिंघानिया ने बताया कि रसोई जरूरमंद के मदद हेतु संकल्पित है। हमसभी लगातार इस काम को जारी रखेंगे ।

आकाश सोनी, रौनक व कुन्दन गुप्ता ने बताया कि साईं की रसोई को आपलोगों का साथ व आशीर्वाद मिलता रहे तो रसोई उम्मीद से ज्यादा आगे जाकर जरूरतमंदों की मदद करेगी ।

रसोई के 300 दिन पूरे होने पर शैलेंद्र, राघव, अभिषेक, ऋषभ, निशान्त, सन्तोष सोनी, रिशु, प्रखर, सृष्टि, रंजन, राहुल, ज्ञानी, सुमित, बैभव, रौनक, कुन्दन गुप्ता, प्रवीण कुमार, अनिता शर्मा, शालिनी साह समेत अन्य मौजूद थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed