Sat. Jul 19th, 2025

बालिका बालगृह बेगूसराय में संदिग्ध हालत में एक बच्ची की मौत ::: प्रशासनिक विभाग में मचा हड़कंप

बेगूसराय ::-

नूर आलम ::-

2 अक्टूबर 2019
बुधवार

बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर रतनपुर में संचालित बालिका बाल गृह में बुधवार को एक बच्ची की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।

बच्ची की मौत होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

बक्सर निवासी मृतिका रेखा कुमारी को 13 जून को खगड़िया से बेगूसराय बालिका गृह स्थानांतरित किया गया था। बच्ची की मौत कैसे हुई और अचानक क्या हुआ, इस संबंध में फिलहाल कोई कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह अचानक से बच्ची की हालत बिगड़ने के कारण उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बालिका गृह अधीक्षक अनुजा कुमारी का कहना है कि बुधवार की सुबह अचानक बच्ची की हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

बता दें कि पिछले महीने इसी बाल बालिका गृह से भागी पांच बच्चियों ने बालिका गृह में किए जा रहे मानसिक और शारीरिक शोषण की गुहार लगाते हुए अधिकारियों के सामने कई खुलासे किए थे। जिसमें बताया था कि संचालक एवं बालिका गृह कर्मियों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है। छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की जाती है। इसके बाद अब जबकि एक बच्ची की मौत हो गई है तो प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा है और जांच पड़ताल की जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि अगर गंभीरतापूर्वक उच्चस्तरीय जांच हो तो यहां कई बड़े खुलासे भी हो सकते हैं।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed