Thu. Sep 24th, 2026

दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय में आगामी बिहार विधान परिषद निर्वाचन के तहत 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन कार्यक्रम, मतदाता सूची, निर्वाचन प्रक्रिया तथा जिले में निर्वाचन के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक के दौरान मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के आधार पर जिले में पंजीकृत स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं की स्थिति से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। जिले में दिनांक 23.09.2026 तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 29,222 मतदाता पंजीकृत हैं, वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,050 मतदाता पंजीकृत हैं।

जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का गठन किया गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में भी जानकारी दी।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में संबंधित सभी वरीय पदाधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 10 प्रकार के निर्वाचन कोषांगों का गठन किया गया है। इनमें कार्मिक प्रबंधन-सह-प्रशिक्षण कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, वाहन एवं सामग्री प्रबंधन कोषांग, आदर्श आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था प्रबंधन कोषांग, मीडिया कोषांग, प्रेक्षक प्रबंधन कोषांग, जिला हेल्पलाइन-सह-आईटी कोषांग, वीडियोग्राफी/लाइव वेब-कास्टिंग कोषांग तथा निर्वाचन संचालन एवं अनुश्रवण प्रबंधन कोषांग सहित अन्य संबंधित कोषांग शामिल हैं।

इन कोषांगों के माध्यम से मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री एवं मतपेटिकाओं की व्यवस्था, वाहनों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था का अनुपालन, मीडिया समन्वय, प्रेक्षकों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं, सूचना एवं तकनीकी सहायता एवं वीडियोग्राफी तथा निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी एवं अनुश्रवण से संबंधित कार्य संपादित किए जाएंगे।

बैठक में गठित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के दायित्वों एवं उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी वरीय प्रभारी पदाधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने कोषांग से संबंधित कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता, आपसी समन्वय एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी आवश्यक प्रशासनिक, मानव संसाधन, सामग्री, वाहन एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा निर्वाचन से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री एवं मतपेटिकाओं की उपलब्धता, वाहन प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता, मीडिया समन्वय, आईटी व्यवस्था एवं वीडियोग्राफी सहित सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों एवं उससे संबंधित तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मौके पर उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता विभागीय जाँच श्री महेश्वर प्रसाद सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सौरव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed