मशाल-2026 प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर का तीन दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण आज दिनांक 23/09/2026 को खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बेगूसराय में सफलतापूर्वक सप्मन्न हुई। प्रशिक्षण में राज्य से ट्रेनिंग प्राप्त पांच सदस्यीय टीम के साथ जिला स्तर के 20 मास्टर ट्रेनर एवं प्रखंड स्तर के 18 प्रखंड से 2-2 नोडल शिक्षक शामिल हुए।
ट्रेनिंग के दौरान मशाल में शामिल सभी खेल विधाओं जैसे कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल एवं एथेलेटिक्स के साइकिलिंग, दौड़, लम्बी कूद विधा पर विस्तृत जानकारी दी गयी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी बच्चों का बैटरी टेस्ट कराने का भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का मशाल पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन, बैटरी टेस्ट डेटा का अद्यतन, खिलाड़ियों का विद्यालय स्तरीय टीम बनाना एवं एकल सदस्यीय खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम के रैंक का निर्धारण करना, संकुल स्तरीय टीम का निर्माण करना और उसको संकुल स्तरीय पोर्टल पर अग्रसारित करना तथा मशाल पोर्टल पर लॉग इन करने के बाद विद्यालय प्रोफाइल अपडेट करने एवं पासवर्ड चेंज करने का लाइव प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, सर्व शिक्षा डी० पी० ओ० श्री अनुभव कुमार एवं एम० डी० एम० डी० पी० ओ० मोहम्मद मजहर उपस्थित हुए। प्रशिक्षण के समापन को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार ने कहा कि हम सभी विद्यालय से पढ़कर ही आये हैं और उस समय भी खेल हुआ करता था लेकिन खेल को मंच नहीं मिलता था लेकिन आज बिहार सरकार, शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग संयुक्त रूप से खेल को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालय को क्रमशः 5 हजार, 10 हजार एवं 25 हजार की राशि खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दी जाती है। उन्होंने कहा कि अगर मशाल प्रतियोगिता हर वर्ष होती है तो आगामी 5 से 10 साल बाद इसकी सफलता विश्व पटल पर दिखेगी। वहीं सर्व शिक्षा डी० पी० ओ० श्री अनुभव कुमार ने कहा कि मशाल एक टैलेंट हंट प्रतियोगिता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षको को प्रतिभावान बच्चों को यथा संभव शामिल करने की बात कही जबकि एम० डी० एम० डी० पी० ओ० मोहम्मद मजहर ने कहा कि खेल कूद के साथ अनुसाशन बहुत जरुरी है। पहले कहा जाता था कि खेलोगे कूदोगे तो होगे खराब और पढोगे लिखोगे तो बनोगे नवाब जबकि अब यह धारणा बदल चुकी है क्युंकी अब देश से लेकर राज्य तक मैडल लाओ नौकरी पाओ जैसी योजना चल रही है। खेलने से शरीर भी स्वस्थ रहता है। शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक रौशन कुमार राय की अध्यक्षता में मशाल जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर का तीन दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।