मुंगेर ::–
प्रेम कुमार ::–
महिला आरक्षी की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। सीवान में कार्यरत महिला आरक्षी और मुंगेर की बेटी स्नेहा की मौत के खिलाफ बुधवार को प्रखंड में एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के कार्यकर्ताओं ने प्रतिवाद मार्च निकाला।
हाथों में नारे लिखी हुई तख्तियां लिए दर्जनों कार्यकर्ताओं ने स्नेहा को इंसाफ दिलाने के लिए उच्च स्तरीय जांच की मांग की। कार्यकर्ता स्नेहा कांड उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करो, स्नेहा कांड की लीपापोती करने वाले पुलिस पदाधिकारी को बर्खास्त करो, स्नेहा के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए जनआंदोलन तेज करो, स्नेहा का डीएनए जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजन को उपलब्ध कराओ, स्नेहा कांड में ग्रामीणों पर पुलिसिया दमन के खिलाफ जन आंदोलन तेज करो जैसे नारे लगाए।
कार्यकर्ताओं ने सिवान और मुंगेर पुलिस पर मामले की लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए विरोध में जमकर नारेबाजी की।
जिला सचिव कामरेड कृष्णदेव साह ने कहा कि कांस्टेबल स्नेहा की मौत ने सुशासन के दावों पर सवाल खड़ा कर दिया है। सरकार मामले की सीबीआइ जांच कराए, तभी स्नेहा को इंसाफ मिलेगा।
इस मौके पर पंकज कुमार दास, सुधीर यादव, उत्तम दास, नारायण यादव, गंगा मंडल, भरत मंडल, पप्पू मंडल, कामेश्वर रंजन आदि मौजूद थे।

