Fri. Sep 25th, 2026

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितम्बर से 04 अक्टूबर तक, निबंधन की अंतिम तिथि 27 सितंबर 

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना, खेल विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन आयोजन 30 सितम्बर 2026 से 04 अक्टूबर 2026 तक खेल भवन-सह-व्ययामशाला, बेगूसराय, गांधी स्टेडियम, बेगूसराय, इंडोर स्टेडियम, बेगूसराय, कल्याण केंद्र बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप, बेगूसराय एवं बी पी +2 विद्यालय, बेगूसराय में किया जाना सुनिश्चित किया गया है।

उक्त आयोजन को सफलता पूर्वक आयोजित करने हेतु आज दिनांक 25 सितंबर 2026 दिन शुक्रवार को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन समिति के सदस्यों के साथ एक बैठक का आयोजन कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय में किया गया। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त, बेगूसराय, असैनिक शल्य चिकित्सा पदाधिकारी, बेगूसराय, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेगूसराय, अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, बेगूसराय, जिले सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, प्रशिक्षक आदि उपस्थित हुए ।

उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पाण्डेय ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालय के वर्ग 6 से 12 तक के बालक एवं बालिका शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में आयुवर्ग अंडर 14 , अंडर 17 और अंडर 19 वर्ग में लगभग 22 खेल विधा का आयोजन होना है जिसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, भारत्तोलन, शतरंज, रग्बी, क्रिकेट, कुश्ती, कराटे, वुशू, योगा, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, हॉकी, सेपकटाकरा आदि खेलों का आयोजन कराया जाएगा । इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी का पहले निबंधन होगा।

किसी भी खिलाड़ी के द्वारा खेल कार्यालय में उनका योग्यता प्रमाण पत्र सीधे जमा नहीं की जाएगी। संबंधित विद्यालय प्रधान द्वारा उनके शारीरिक शिक्षक या प्रभारी शिक्षक के द्वारा पत्रांक दिनांक के साथ सभी खेल विधाओं के प्रतिभागियों की सूची पूर्ण रूपेण भरा हुआ योग्यता प्रमाण पत्रों की तीन प्रतियों में अग्रसारण पत्रों के साथ जिला खेल कार्यालय को ससमय उपलब्ध कराना होगा।

खिलाड़ी बिहार राज्य अंतर्गत मान्यता प्राप्त विद्यालय, महाविद्यालय का नियमित छात्र-छात्रा होना अनिवार्य है। CBSE और ICSI या सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय के बच्चे भी इस प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं। प्रतिभागी की उम्र की गणना सभी आयु वर्गों के लिए दिनांक 31 दिसंबर 2026 से की जाएगी। एथलेटिक्स में एक प्रतिभागी अधिकतम तीन विद्याओं में भाग ले सकता है। एथलेटिक्स को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी एक से अधिक खेल विधाओं में भाग नहीं लेगा।


सभी प्रतिभागी खिलाड़ी का निबंधन प्रमाण पत्र ,योग्यता प्रमाण पत्र ,फोटो प्रमाणक के साथ विगत वर्ष का अंक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छाया प्रति ,विद्यालय की उपस्थिति पंजी की छायाप्रति, सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र आदि पूर्ण रूपेण प्रपत्र में भरकर (तीन प्रति में एक प्रति मूल एवं दो छाया प्रति) दिनांक 27 सितंबर 2026 तक अग्रसारण प्रमाण पत्र के साथ कार्यालय उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा कार्यालय (खेल भवन-सह-व्यायामशाला) बेगूसराय में जमा करना अनिवार्य है। प्रत्येक विद्यालय का जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता हेतु एक बैनर होना अति आवश्यक है। जिस विद्यालय की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता नहीं होगी वहां के प्रधानाध्यापक और शारीरिक शिक्षक इसके लिए जिम्मेवार माने जाएंगे। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभागी विभिन्न खेल दलों के साथ दल प्रबंधक/ क्रीड़ा प्रभारी के साथ प्रतियोगिता में शामिल होना सुनिश्चित करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु प्रत्येक विधा में कम से कम पांच विद्यालयों की सहभागिता अनिवार्य होगी। प्रत्येक विद्यालय अपने विद्यालय दल को विद्यालय क्रीडा कोष या अन्यान्य मद से खेल, पोशाक, यात्रा व्यय, अल्पाहार आदि की व्यवस्था करेगा। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति से खेली जाएगी।
उक्त प्रतियोगिता में अधिक से अधिक बच्चों का निबंधन कराने हेतु जिला पदाधिकारी, बेगूसराय एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय द्वारा जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निदेशित किया गया । उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का निबंधन पूर्णरूपेण निःशुल्क है ।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed