Sun. Nov 29th, 2026

खाने की थाली में परोसा जा रहा है जहर! खेती-बाड़ी से लेकर हवा तक प्रदूषित, केमिकल के साए में जीवन

न्यूज़ डेस्क, विजय कुमार सिंह।।

@ साफ मिट्टी, स्वच्छ पानी, शुद्ध हवा और सुरक्षित भोजन, यही स्वस्थ समाज की असली पहचान है।

हमलोग अपने जीवन को अपने हाथों से ही बर्बाद करने पर तुले हुए हैं। जिसे हम विकास कहते हैं वह अब हमें ही बर्बाद करने लगा है। आज इंसान विकास की जिस तेज रफ्तार पर आगे बढ़ रहा है, उसी के साथ उसकी जिंदगी में प्रदूषण और रासायनिक पदार्थों का दखल भी लगातार बढ़ता जा रहा है। कभी खेतों की मिट्टी जीवन देती थी, नदियों का पानी प्यास बुझाता था और हवा सांसों में ताजगी भरती थी। लेकिन आज सवाल उठने लगा है। क्या हमारी थाली में भोजन है या रसायनों का भंडार?

खेती से लेकर बाजार और रसोई तक खाद्य श्रृंखला के कई चरणों में रसायनों का इस्तेमाल बढ़ा है। फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का उपयोग किया जाता है। इनका उचित और वैज्ञानिक तरीके से इस्तेमाल जरूरी है, लेकिन अंधाधुंध या गलत उपयोग से मिट्टी, पानी और जैव विविधता के लिए नुकसानदायक हो रहा है।

मिट्टी की सेहत और गुणवत्ता पर संकट छाया हुआ है।
लगातार रासायनिक खाद पर निर्भरता से मिट्टी की प्राकृतिक गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। मिट्टी केवल फसल उगाने का माध्यम नहीं, बल्कि असंख्य सूक्ष्मजीवों और जीवों का घर है। जब मिट्टी का जैविक संतुलन बिगड़ता है तो खेती की दीर्घकालिक उत्पादकता भी प्रभावित हो सकती है।

इसलिए जरूरत है कि किसान मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खाद, फसल चक्र और एकीकृत कीट प्रबंधन जैसी वैज्ञानिक विधियों को अपनाएं।

अब पानी भी सुरक्षित नहीं रहा है।

खेतों से बहकर उर्वरकों और कीटनाशकों के अवशेष नालों, तालाबों और नदियों तक पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर औद्योगिक और घरेलू अपशिष्ट भी जल स्रोतों को प्रभावित करते हैं। साफ पानी केवल प्यास बुझाने के लिए नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की बुनियादी जरूरत है। प्रदूषित पानी से खेतों की सिंचाई किया जाता है। जिससे प्रदूषण मनुष्य में भी फैलता है।

हवा में घुलता प्रदूषण से मनुष्यों का जीवन संकट में आ गया है।

प्रदूषण की कहानी केवल खेतों तक सीमित नहीं है। वाहनों का धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्य और कचरा जलाने जैसी गतिविधियां हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करती हैं। हम जिस हवा को देख नहीं सकते, वही हमारे जीवन का सबसे जरूरी हिस्सा है।

प्रदूषण की आंच थाली तक पहुंच कर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। फल और सब्जियां हमारे भोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके उत्पादन और भंडारण में विभिन्न रसायनों का इस्तेमाल हो रहा है। इसलिए खाद्य पदार्थों की सुरक्षित खेती, सही मात्रा में रसायनों का इस्तेमाल, उचित प्रतीक्षा अवधि और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। आर्गेनिक खेती आवश्यक हो गया है।

सिर्फ किसानों को दोष देना समस्या का समाधान नहीं है। किसान भी बाजार, लागत, कीट प्रकोप और अधिक उत्पादन की मांग के बीच काम करता है। सरकार, कृषि वैज्ञानिक, व्यापारी और उपभोक्ता—सभी की जिम्मेदारी है कि खाद्य प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाया जाए।

रसायन पूरी तरह समस्या नहीं, गलत इस्तेमाल समस्या है

यह समझना भी जरूरी है कि हर रसायन अपने आप में “जहर” नहीं होता। आधुनिक कृषि और चिकित्सा सहित अनेक क्षेत्रों में रसायनों की उपयोगिता होता है। असली चुनौती है अनुचित, अत्यधिक या गैर-कानूनी उपयोग, गुणवत्ता की कमी और नियमों की अनदेखी है।

बदलाव की शुरुआत घर और खेत दोनों से करना होगा। समाधान केवल नारों में नहीं, व्यवहार में होना चाहिए। किसानों को मृदा स्वास्थ्य के अनुसार खाद-उर्वरक का इस्तेमाल करना चाहिए। जैविक पदार्थों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण बढ़ाना चाहिए। उपभोक्ताओं को मौसमी और स्थानीय खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देने के साथ भोजन को अच्छी तरह धोकर और सुरक्षित तरीके से तैयार करना चाहिए।

सरकार को भी खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित रसायनों के इस्तेमाल पर प्रभावी निगरानी करनी होगी। प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का कड़ाई से पालन और किसानों को सुरक्षित कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण भी जरूरी है।

हमारी थाली केवल पेट भरने का साधन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और भविष्य का आधार है। खेत की मिट्टी, पानी, हवा और भोजन—इन चारों की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। यदि आज हमने संतुलित और सुरक्षित जीवनशैली की दिशा में कदम नहीं उठाया, तो आने वाली पीढ़ियां हमसे यही पूछेंगी कि विकास की दौड़ में हमने प्रकृति और अपने स्वास्थ्य की कीमत क्यों चुकाई?

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed