न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ रोमांचक सेमीफाइनल में मुंगेर ने आखिरी गेंद पर दर्ज की जीत, पटना ने मगध को दी शिकस्त
बेगूसराय। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 के फाइनल में पटना और मुंगेर प्रमंडल की टीमें आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में मुंगेर और कोसी प्रमंडल के बीच खेला गया। मैच से पहले जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, एकता और सद्भावना की भावना विकसित करना है। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर की टीम ने 14.5 ओवर में 131 रन बनाए। अवनीश मनोज पोद्दार ने 35 गेंदों पर 54 रनों की शानदार पारी खेली। कोसी की ओर से प्रियांशु, ओमकार और कपिलदेव ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोसी की टीम 15 ओवर में आठ विकेट पर 113 रन ही बना सकी। इस तरह मुंगेर ने 18 रनों से जीत दर्ज की। मुंगेर की ओर से अंकेश यादव ने तीन ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए अवनीश मनोज पोद्दार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला रिफाइनरी स्टेडियम, बेगूसराय में तिरहुत और दरभंगा प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरहुत की टीम ने 16 ओवर में नौ विकेट पर 130 रन बनाए। हिमांशु लाल और अभिनव गुप्ता ने 25-25 रन तथा सचिन सहनी ने 16 रन का योगदान दिया। दरभंगा की ओर से सुधांशु ने तीन, जबकि अनिकेत और हासिर निजाम ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में दरभंगा की टीम निर्धारित 16 ओवर में नौ विकेट पर 109 रन ही बना सकी। शाश्वत गिरधर वत्स ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। तिरहुत की ओर से मनी कौशल और सचिन सहनी ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सचिन सहनी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।


