Tue. Nov 3rd, 2026

बेगूसराय की 22 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, 10 दिनों के भीतर शिकायतों के निष्पादन का लक्ष्य

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ एक ही जगह मिल रहीं राशन कार्ड, जाति, आवासीय और आय प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाएं

बेगूसराय। आमजनों की समस्याओं एवं मांगों के त्वरित समाधान तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सहज रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से बेगूसराय जिले में सहयोग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार, 3 नवंबर को जिले की 22 ग्राम पंचायतों में वरीय पदाधिकारियों की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित किए गए।

बिहार सरकार के निर्देश पर जिले के सभी 18 प्रखंडों की निर्धारित ग्राम पंचायतों में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों के आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त की जा रही हैं। प्रशासन ने शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का अधिकतम 10 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

शिविरों में राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज, लगान रसीद सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राजस्व संबंधी मामलों के आवेदन लिए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आम लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत दिलाकर एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है।

प्रशासन के अनुसार, कई मामलों में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर शिविर के दौरान ही आवेदकों को संबंधित सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है।

राज्य स्तर पर भी सुनी जा रही हैं शिकायतें

सहयोग शिविर की व्यवस्था के तहत जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के साथ-साथ जिला स्तर पर की गई कार्रवाई से असंतुष्ट आवेदकों की समस्याओं के समाधान के लिए भी व्यवस्था की गई है। इसके तहत मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को राज्य स्तरीय सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है।

इस शिविर में आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को राज्य स्तर पर सुना जाता है तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed