Tue. Nov 3rd, 2026

पटना और मुंगेर के बीच होगा खिताबी मुकाबला, अंतर प्रमंडल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ रोमांचक सेमीफाइनल में मुंगेर ने आखिरी गेंद पर दर्ज की जीत, पटना ने मगध को दी शिकस्त

बेगूसराय। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 के फाइनल में पटना और मुंगेर प्रमंडल की टीमें आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में मुंगेर और कोसी प्रमंडल के बीच खेला गया। मैच से पहले जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, एकता और सद्भावना की भावना विकसित करना है। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए मुंगेर की टीम ने 14.5 ओवर में 131 रन बनाए। अवनीश मनोज पोद्दार ने 35 गेंदों पर 54 रनों की शानदार पारी खेली। कोसी की ओर से प्रियांशु, ओमकार और कपिलदेव ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोसी की टीम 15 ओवर में आठ विकेट पर 113 रन ही बना सकी। इस तरह मुंगेर ने 18 रनों से जीत दर्ज की। मुंगेर की ओर से अंकेश यादव ने तीन ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए अवनीश मनोज पोद्दार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला रिफाइनरी स्टेडियम, बेगूसराय में तिरहुत और दरभंगा प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरहुत की टीम ने 16 ओवर में नौ विकेट पर 130 रन बनाए। हिमांशु लाल और अभिनव गुप्ता ने 25-25 रन तथा सचिन सहनी ने 16 रन का योगदान दिया। दरभंगा की ओर से सुधांशु ने तीन, जबकि अनिकेत और हासिर निजाम ने दो-दो विकेट लिए।

जवाब में दरभंगा की टीम निर्धारित 16 ओवर में नौ विकेट पर 109 रन ही बना सकी। शाश्वत गिरधर वत्स ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। तिरहुत की ओर से मनी कौशल और सचिन सहनी ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सचिन सहनी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

मुंगेर ने आखिरी गेंद पर जीता रोमांचक सेमीफाइनल

प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल गांधी स्टेडियम में तिरहुत और मुंगेर प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तिरहुत की टीम 15 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सचिन सहनी ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। मुंगेर की ओर से प्रेमकांत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। प्रेमकांत, सत्यम और उत्कर्ष ने 21-21 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। तिरहुत की ओर से सचिन और आयुष ने दो-दो विकेट लिए। गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रेमकांत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पटना ने मगध को हराकर फाइनल में बनाई जगह

दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला पटना और मगध प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पटना ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मगध की टीम 15.3 ओवर में 80 रन पर सिमट गई। पटना की ओर से दिवाकर ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट, जबकि कुमार धीरेंद्र सेन ने तीन ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम ने 10 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से जीत दर्ज कर ली। कप्तान दिवाकर ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

इस प्रकार पटना और मुंगेर प्रमंडल की टीमें प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई हैं। अब दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

प्रतियोगिता में उद्घोषक एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने निभाई। निर्णायक की भूमिका राजीव कुमार मिश्रा (बक्सर) और दीपक कुमार (खगड़िया) ने निभाई, जबकि स्कोरर की भूमिका राम और मंतोष ने संभाली।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, कन्हैया, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत, मणिकांत, ब्रजेश, शुभम, रितेश सहित अन्य खेलकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed