Mon. Nov 2nd, 2026

बेगूसराय में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य शुभारंभ, माउंट लिट्रा स्कूल में जुटे राज्यभर के बाल वैज्ञानिक

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में दूसरी बार सजा राज्य स्तरीय विज्ञान कांग्रेस का मंच, वर्ष 2018 की गौरवशाली परंपरा फिर हुई जीवंत

बेगूसराय। विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को बेगूसराय में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्य स्तरीय आयोजन का भव्य शुभारंभ हुआ। साइंस फॉर सोसाइटी, बिहार, स्थानीय आयोजन समिति, बेगूसराय तथा माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों, शिक्षकों और अतिथियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य विज्ञान रैली से हुई। बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल सैकड़ों बाल वैज्ञानिकों एवं शिक्षकों ने विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। शहर की सड़कों पर गूंजते वैज्ञानिक नारों ने आयोजन को खास बना दिया।

रैली के बाद माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति डॉ. प्रोफेसर एस.के. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. सुरेश प्रसाद राय, बेगूसराय की महापौर पिंकी देवी तथा साइंस फॉर सोसाइटी, बिहार के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सहित कई गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस जैसे प्रतिष्ठित आयोजन की दूसरी बार मेजबानी करना विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने वर्ष 2018 में इसी परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान कांग्रेस की स्मृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्षों बाद एक बार फिर बाल वैज्ञानिकों का जुटना विद्यालय की वैज्ञानिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रोफेसर एस.के. वर्मा ने अपने संबोधन में बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा, जिज्ञासा और नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की वैज्ञानिक सोच, प्रयोग करने की क्षमता और नए विचार ही भविष्य के विकसित भारत की वास्तविक पूंजी हैं। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस बच्चों को अपने शोध और वैज्ञानिक विचारों को प्रस्तुत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।

वहीं, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने बेगूसराय में राज्य स्तरीय विज्ञान आयोजन को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नई पीढ़ी में वैज्ञानिक चेतना और अनुसंधान की संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी संस्थानों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।

साइंस फॉर सोसाइटी, बिहार के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए बच्चे अपने आसपास की समस्याओं को पहचानते हैं, उनका वैज्ञानिक अध्ययन करते हैं और समाधान प्रस्तुत करने की दिशा में प्रयास करते हैं।

विद्यालय प्रबंधन की मेजबानी की हुई सराहना

पूरे आयोजन के दौरान माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल की व्यवस्थाएं और आतिथ्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा एवं प्राचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल के नेतृत्व में अतिथियों के स्वागत, मंचीय व्यवस्था, प्रतिभागियों की सुविधाओं और कार्यक्रम के संचालन के लिए बेहतर प्रबंधन देखने को मिला। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों एवं शिक्षकों के लिए की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की गई। आयोजन समिति और विद्यालय प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय कार्यक्रम की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बना।

इस अवसर पर साइंस फॉर सोसाइटी बिहार के कोषाध्यक्ष डॉ. सतीश रंजन, ZEE LEARN के रीजनल डायरेक्टर डॉ. चंद्रमा प्रधान, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस बिहार की अकादमिक समन्वयक डॉ. रश्मि कोमल, समन्वयक डॉ. संदीप कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. सी.एस. झा तथा बेगूसराय के जिला समन्वयक हर्षवर्धन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार है इस वर्ष का विषय

उल्लेखनीय है कि 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का केंद्रीय विषय ‘Science and Innovation for Sustainability’ अर्थात ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रखा गया है। इसके अंतर्गत R5 अपशिष्ट प्रबंधन की अवधारणा पर आधारित परियोजनाओं के माध्यम से बाल वैज्ञानिक अपनी वैज्ञानिक समझ, अनुसंधान क्षमता और नवाचारपूर्ण सोच का प्रदर्शन कर रहे हैं।

बेगूसराय में आयोजित यह राज्य स्तरीय आयोजन बाल प्रतिभाओं को अपनी वैज्ञानिक उपलब्धियों और शोधपरक विचारों को सामने रखने का अवसर प्रदान कर रहा है। वर्ष 2018 की गौरवशाली स्मृतियों के बाद माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में एक बार फिर विज्ञान का मंच सजना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed