न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 के चौथे दिन जिले के विभिन्न खेल स्थलों पर वर्ग 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के बीच कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। अभिभावकों को खेल के महत्व को समझते हुए बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगिता में प्रतिनियुक्त सभी शारीरिक शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
कबड्डी में रचियाही की टीम बनी विजेता
बी.पी. इंटर स्कूल में आयोजित U-14 बालक कबड्डी प्रतियोगिता में उ. म. विद्यालय रचियाही की टीम विजेता रही, जबकि उ. म. विद्यालय सकरौली की टीम उपविजेता बनी।
खो-खो में महना की बालिकाओं ने मारी बाजी
बी.पी. इंटर स्कूल मैदान में आयोजित U-14 बालिका खो-खो प्रतियोगिता में राजकीयकृत मध्य विद्यालय महना की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। उ. म. विद्यालय बरियारपुर बरौनी की टीम उपविजेता रही।
गांधी स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता
गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।


