Fri. Oct 2nd, 2026

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बेगूसराय जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

स्वर्ण जयंती पुस्तकालय, बेगूसराय में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसी क्रम में गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष ने माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सद्भावना के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।

स्वर्ण जयंती पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इसमें महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से सत्य, अहिंसा एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान दोनों महान विभूतियों के जीवन एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्र निर्माण में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।

इस अवसर पर बेगूसराय नगर निगम की महापौर श्रीमती पिंकी देवी, उप महापौर श्रीमती अनिता राय, नगर आयुक्त श्री सोमेश बहादुर माथुर, अपर समाहर्ता श्री बृज किशोर चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post