न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेगूसराय एवं बरौनी विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के शहरी क्षेत्रों में औसतन 22 घंटे 45 मिनट तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 22 घंटे 30 मिनट विद्युत आपूर्ति की जा रही है। डीएम ने निर्बाध एवं सुदृढ़ विद्युत आपूर्ति के लिए निर्माणाधीन 33/11 केवी पावर सब-स्टेशनों की प्रगति की समीक्षा की।

रचियाही एवं सुजानपुर में रास्ते से संबंधित ROW विवाद को स्थानीय प्रशासन के सहयोग से तत्काल दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। लखनपुर उपकेंद्र का सिविल कार्य एवं उपकरण अधिष्ठापन शत-प्रतिशत पूर्ण पाया गया, जबकि सिमरिया घाट उपकेंद्र में बाउंड्री वॉल का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। चिरंजीवीपुर एवं पकरौल उपकेंद्रों के कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।
15,167 किसानों को मिला कृषि विद्युत कनेक्शन
मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना (MKVSY-II) की समीक्षा में बताया गया कि जिले में प्राप्त 18,507 आवेदनों में से 15,167 किसानों को कृषि विद्युत कनेक्शन दिया जा चुका है। शेष 3,340 लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
राजस्व वसूली में बेगूसराय प्रमंडल छठे स्थान पर
सितंबर 2026 में राजस्व प्रेषण के मामले में एनबीपीडीसीएल के 46 प्रमंडलों में बेगूसराय प्रमंडल ने 25.01 करोड़ रुपये की 86.18 प्रतिशत वसूली के साथ छठा स्थान प्राप्त किया। बरौनी प्रमंडल ने 12.56 करोड़ रुपये की 71.12 प्रतिशत वसूली के साथ 17वां स्थान प्राप्त किया।
डीएम ने राजस्व संग्रहण का प्रतिशत 90 प्रतिशत से अधिक करने तथा विद्युत चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


