न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना, खेल विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन आयोजन 30 सितम्बर 2026 से 04 अक्टूबर 2026 तक खेल भवन-सह-व्ययामशाला, बेगूसराय, गांधी स्टेडियम, बेगूसराय, इंडोर स्टेडियम, बेगूसराय, कल्याण केंद्र बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप, बेगूसराय एवं बी पी +2 विद्यालय, बेगूसराय में किया जाना सुनिश्चित किया गया है।

उक्त आयोजन को सफलता पूर्वक आयोजित करने हेतु आज दिनांक 25 सितंबर 2026 दिन शुक्रवार को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन समिति के सदस्यों के साथ एक बैठक का आयोजन कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय में किया गया। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त, बेगूसराय, असैनिक शल्य चिकित्सा पदाधिकारी, बेगूसराय, नगर आयुक्त, नगर निगम, बेगूसराय, अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, बेगूसराय, जिले सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, प्रशिक्षक आदि उपस्थित हुए ।
उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पाण्डेय ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालय के वर्ग 6 से 12 तक के बालक एवं बालिका शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में आयुवर्ग अंडर 14 , अंडर 17 और अंडर 19 वर्ग में लगभग 22 खेल विधा का आयोजन होना है जिसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, भारत्तोलन, शतरंज, रग्बी, क्रिकेट, कुश्ती, कराटे, वुशू, योगा, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, हॉकी, सेपकटाकरा आदि खेलों का आयोजन कराया जाएगा । इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी का पहले निबंधन होगा।

किसी भी खिलाड़ी के द्वारा खेल कार्यालय में उनका योग्यता प्रमाण पत्र सीधे जमा नहीं की जाएगी। संबंधित विद्यालय प्रधान द्वारा उनके शारीरिक शिक्षक या प्रभारी शिक्षक के द्वारा पत्रांक दिनांक के साथ सभी खेल विधाओं के प्रतिभागियों की सूची पूर्ण रूपेण भरा हुआ योग्यता प्रमाण पत्रों की तीन प्रतियों में अग्रसारण पत्रों के साथ जिला खेल कार्यालय को ससमय उपलब्ध कराना होगा।


