न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती पर बेगूसराय को बड़ी शैक्षणिक सौगात मिली है। बिहार मंत्रिपरिषद ने बेगूसराय में ‘रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय’ की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। विश्वविद्यालय की स्थापना के क्रम में पदाधिकारी एवं कर्मियों के वेतनादि के लिए 15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रावधान किया गया है।
दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर बेगूसराय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह लगातार प्रयासरत रहे। 22 जून 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह मांग प्रमुखता से रखी। इसके बाद 19 जुलाई को बेगूसराय के आईओसीएल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष फिर यह विषय उठाया। उसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिनकर की जन्मभूमि पर उनके नाम से विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी।
घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने प्रस्तावित स्थायी परिसर के लिए 15 एकड़ भूमि चिह्नित कर उच्च शिक्षा विभाग को प्रतिवेदन भेजा, जिससे प्रक्रिया को गति मिली।


