Thu. Aug 6th, 2026

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय में जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सर्वप्रथम भारत की जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के कार्य में तेजी लाने, सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण आकड़ों का संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

लोक शिकायत निवारण अधिनियम, मुख्यमंत्री जन शिकायत कार्यक्रम, ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ (JKDMM), CPGRAMS एवं E-Compliance पोर्टल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लोक शिकायत निवारण अधिनियम के अंतर्गत कुल 508 मामलों में से 122 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है तथा 60 दिनों से अधिक का कोई भी मामला लंबित नहीं है। जिला पदाधिकारी ने JKDMM, CPGRAMS एवं E-Compliance डैशबोर्ड पर लंबित सभी मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में माननीय उच्च न्यायालय में लंबित CWJC एवं MJC मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को 115 लंबित CWJC मामलों में आवश्यक शपथपत्र (SOF) प्राप्त कर समय-सीमा के भीतर प्रतिशपथपत्र दायर करने का निर्देश दिया गया।

विकास योजनाओं की समीक्षा के क्रम में मंदिरों की चारदीवारी निर्माण योजना के तहत 39 मंदिरों के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को भूमि अनापत्ति प्रमाण-पत्र शीघ्र निर्गत करने का निर्देश दिया गया।

जन सांख्यिकी पंजीकरण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनवरी से जुलाई 2026 तक जिले में 85,350 जन्म तथा 9,523 मृत्यु का पंजीकरण किया गया है। जिला पदाधिकारी ने शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत विगत माह आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिशा बैठक के निर्णयों के अनुपालन से संबंधित प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन समिति (जीविका) के अंतर्गत अनुमंडल कार्यालयों में ‘दीदी की रसोई’ तथा प्रखंड कार्यालय परिसरों में ‘दीदी अधिकार केंद्र’ के संचालन हेतु आवश्यकतानुसार कक्ष उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

इसके अतिरिक्त 09 से 17 अगस्त, 2026 तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभात फेरी, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यक्रमों के छायाचित्र एवं प्रतिवेदन समय पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में नीलाम पत्र के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को रजिस्टर-9 एवं रजिस्टर-10 का मिलान करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता श्री बृजकिशोर चौधरी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री महेश्वर प्रसाद, सिविल सर्जन बेगूसराय, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post