महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय द्वारा मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आज पी.एम. श्री लक्ष्मी उदित नारायण +2 उच्च विद्यालय, शकरपुरा (बखरी) में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी ने महिलाओं एवं छात्राओं को निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध भी है तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंड का प्रावधान है। उन्होंने सभी से बाल विवाह रोकने तथा बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
जिला मिशन समन्वयक (डीएचईडब्ल्यू) श्री राजकुमार सिन्हा ने मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों जैसे वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं महिला सशक्तिकरण केंद्र की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने तथा बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर, बखरी की केंद्र प्रशासक सुश्री ब्यूटी कुमारी ने कहा कि ‘सखी वार्ता’ का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी प्रत्येक महिला तक सरकार की योजनाओं एवं उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपने अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक होंगी, तभी वास्तविक अर्थों में उनका सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्राओं एवं छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा महिला सुरक्षा, शिक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।