Tue. Jun 16th, 2026

विश्व बैंक की टीम के सदस्यों ने गोवर्धन सामुदायिक बायोगैस प्लांट का किया निरीक्षण

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

आज मंगलवार को विश्व बैंक की टीम के सदस्य डॉ. अशोक कुमार एवं जॉली बरुआ, पशुपालन विभाग, पटना के संयुक्त निदेशक डॉ. संतोष कुमार तथा सलाहकार एसएलडब्ल्यूएम-एलएसबीए श्री आनंद कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने तेघड़ा स्थित श्री गौशाला परिसर में स्थापित गोवर्धन सामुदायिक बायोगैस प्लांट का निरीक्षण कर उसकी क्रियाशीलता एवं संचालन व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट के संचालन, गैस उत्पादन, लाभार्थियों को स्वच्छ ईंधन की आपूर्ति तथा जैविक खाद निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। बताया गया कि इस बायोगैस प्लांट का संचालन बेगूसराय जिले में जीविका के बढ़ते कदम सीएलएफ द्वारा किया जा रहा है। प्लांट से उत्पादित स्वच्छ ईंधन की आपूर्ति वर्तमान में 22 परिवारों एवं दुकानों को की जा रही है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही प्लांट से निकलने वाली स्लरी से जैविक खाद तैयार कर स्थानीय किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिल रहा है और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं भी सुदृढ़ हो रही हैं।

निरीक्षण दल ने प्लांट के संचालन की सराहना करते हुए इसे स्वच्छ ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन तथा ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं जीविका समूह के सदस्यों से प्लांट के सतत एवं प्रभावी संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) श्री अविनाश कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) श्री बिट्टू कुमार, जिला समन्वयक एलएसबीए श्री विश्वजीत कुमार, जिला सलाहकार एसएलडब्ल्यूएम श्री शशिकांत सिंह, जिला सलाहकार सीबी एवं आईसी श्री आफताब आलम, प्रखंड समन्वयक एलएसबीए श्री नितेश कुमार सहित जीविका की टीम से श्री बिजेन्द्र, सुश्री सोनाली एवं गौशाला की टीम के सदस्य उपस्थित थे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed