Thu. Jun 4th, 2026

बेगूसराय में राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर वाहनों के अवैध पड़ाव के विरुद्ध चलाया गया विशेष अभियान, ₹4.61 लाख से अधिक का लगाया जुर्माना

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश तथा मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार सरकार के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन, बेगूसराय राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर वाहनों के अवैध पड़ाव (अनधिकृत पार्किंग) के विरुद्ध विशेष अभियान चला रहा है।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार जांच और प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान ढाबों, गैरेजों, ट्रांसपोर्ट प्रतिष्ठानों तथा अन्य व्यावसायिक स्थलों की जांच की गई और सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों को हटाया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनधिकृत वाहन पड़ाव के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आम नागरिकों, वाहन चालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा SUO MOTO WRIT PETITION (CIVIL) No.-09 OF 2025 एवं संबद्ध W.P. (C) No.-1100 OF 2025 में पारित आदेश तथा मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार सरकार के निर्देशों के आलोक में जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) एवं राज्य राजमार्गों (SH) पर वाहनों के अवैध पड़ाव पर पूर्ण रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

 जिले के विभिन्न अनुमंडलों एवं प्रखंडों में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान राजमार्गों के किनारे संचालित ढाबों, गैरेजों, ट्रांसपोर्ट प्रतिष्ठानों एवं अन्य व्यावसायिक स्थलों की जांच की गई तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े किए गए वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में विभिन्न स्थलों पर संचालित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अवैध रूप से खड़े वाहनों की पहचान की गई। संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को सड़क सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अपने परिसरों के भीतर ही वाहनों की पार्किंग व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही भविष्य में सड़क किनारे वाहनों के अवैध पड़ाव पाए जाने पर विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अभियान के दौरान आज विभिन्न प्रतिष्ठानों के परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों से कुल 207 वाहनों का जांच किया गया तथा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से संबंधित मामलों में 62 वाहनों को शमन किया गया एवं लगभग ₹4.61 लाख से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया। प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर यातायात सुचारु बना रहे तथा किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से संबंधित यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण अथवा वाहनों के अनधिकृत पड़ाव के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

जिला प्रशासन, बेगूसराय सड़क सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं राज्य सरकार के निर्देशों के प्रभावी अनुपालन हेतु सभी आवश्यक कदम निरंतर उठाए जा रहे हैं।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed