न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
कला एवं संस्कृति विभाग, बेगूसराय कार्यालय द्वारा बेगूसराय संग्रहालय में आयोजित 5 दिवसीय मूर्तिकला (टेराकोटा) कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला के दौरान विभिन्न विद्यालयों के लगभग 52 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मूर्तिकला की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यशाला के अंतिम दिन तक प्रतिभागियों द्वारा कुल 112 कलाकृतियों का निर्माण किया गया। पाँच दिनों तक चले प्रशिक्षण में छात्र-छात्राओं ने पूरे मनोयोग एवं रचनात्मकता के साथ मूर्तिकला की विभिन्न विधाओं को सीखा। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को मूर्तिकला उपकरणों के उपयोग, मिट्टी तैयार करने की विधि तथा अपनी कल्पनाओं एवं अभिव्यक्तियों को मिट्टी के माध्यम से आकार देने की कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला के अंतिम सत्र में छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा प्रशिक्षण प्रक्रिया के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा लोकगीत एवं लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

कार्यक्रम में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम कुमार सहनी ने गिटार वादक श्री केशव कुमार के साथ बच्चों को स्वर अभ्यास कराते हुए लोकगीत प्रस्तुत किया।
मूर्तिकला प्रशिक्षण के लिए आभार व्यक्त करते हुए बच्चों ने कला एवं संस्कृति कार्यालय की ओर से प्रशिक्षक श्री मनीष कौशिक, वरिष्ठ चित्रकार श्री इन्द्रमोहन प्रसाद, श्री विजय सिन्हा तथा गिटार वादक श्री केशव कुमार को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
समापन अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम कुमार सहनी द्वारा सभी प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकगण भी उपस्थित रहे एवं बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

