Wed. Mar 11th, 2026

जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की उपलब्धता पर नियमित और सघन निगरानी सुनिश्चित की जाएगी – श्रीकांत शास्त्री

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बिहार पुलिस मुख्यालय (विशेष शाखा) द्वारा जारी निर्देशों के आलोक में आज जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक, बेगूसराय श्री मनीष द्वारा संयुक्त रूप से समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री महेश्वर प्रसाद सिंह के साथ-साथ HPCL, BPCL, IOCL तथा थिंक गैस के पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि मध्य पूर्व (खाड़ी देशों) में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों एवं गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की उपलब्धता पर नियमित और सघन निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों पर आपूर्ति की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक श्री मनीष ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर संभावित भीड़ की स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी।

समीक्षा के क्रम में IOCL के नोडल पदाधिकारी श्री निशिकांत ने जानकारी दी कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के लगभग डेढ़ दिनों के भीतर एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जहां प्रतिदिन लगभग 8000 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाता था, वहीं वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 14000 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के कारण गैस सिलेंडरों की बुकिंग में अचानक वृद्धि हुई है, जिससे गोदामों एवं गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है और एजेंसियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि एलपीजी गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है।

इसी प्रकार थिंक गैस के नोडल पदाधिकारी श्री विजय कांत तिवारी ने बताया कि पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति बिना किसी बाधा के नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति प्राप्त कर रहे हैं, उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

HPCL एवं BPCL के प्रतिनिधियों द्वारा भी बैठक में बताया गया कि घरेलू गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा वितरण सामान्य रूप से जारी है।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई व्यक्ति अथवा विक्रेता पेट्रोलियम पदार्थों या एलपीजी गैस की जमाखोरी अथवा कालाबाजारी करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में पर्याप्त मात्रा में LPG गैस सिलेंडर उपलब्ध है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed