न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार, पटना के निदेशानुसार भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन हेतु जिला पदाधिकारी- सह -प्रधान जनगणना पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री के मार्गदर्शन में आज दिनांक 09 मार्च 2026 से बेगूसराय के डी.आर.डी.ए. सभागार में जिला/चार्ज स्तर के अधिकारियों एवं कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन अलग-अलग बैचों में 09 मार्च से 17 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 09:30 बजे से सायं 06:00 बजे तक संचालित होगा। प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा प्राधिकृत जिला नोडल प्रशिक्षक बेगूसराय श्री अमर ज्योति कुमार एवं प्रशिक्षक श्रीमती श्वेता सिन्हा द्वारा प्रशिक्षण में उपस्थित कर्मियों को जनगणना कार्य के विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
नोडल अधिकारी द्वारा बताया गया कि इस बार भारत की जनगणना का कार्य पूर्णतः डिजिटल माध्यम से पूर्ण किया जाएगा, उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण में मकान सूचिकरण एवं मकानों की गणना 2 मई से 31मई 2026 (कुल 30 दिन) तक किया जाएगा एवं द्वितीय चरण में वास्तविक परिगणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस बार सामान्य नागरिक के द्वारा स्वगणना पोर्टल से भी स्वगणना कर सकते है , इसके लिए 17 अप्रैल से 01मई 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है ।
प्रशिक्षण के प्रथम बैच में जिला स्तर के कुल 64 कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे जनगणना के प्रथम चरण के कार्यों का प्रभावी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, बेगूसराय -सह-नोडल पदाधिकारी, जनगणना प्रशिक्षण कोषांग द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर जनगणना कार्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्यों को समयबद्ध, सटीक एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है।
मौके पर वरीय उप समाहर्ता- सह – अपर जिला जनगणना अधिकारी सुश्री पूजा कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

