Mon. Mar 9th, 2026

इंडियन ऑयल की बरौनी रिफाइनरी ने सुरक्षा उत्कृष्टता के लिए मनाया राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की बरौनी रिफाइनरी ने अग्नि एवं शमन विभाग में राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस 2026 मनाया और अपनी सुरक्षा प्रणाली को मजबूत करने का संकल्प सुनिश्चित किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, श्री सत्य प्रकाश ने सुरक्षा ध्वज फहराकर की।

उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री सत्य प्रकाश ने बताया कि बरौनी रिफाइनरी में सुरक्षा प्राथमिकता है और परिचालन उत्कृष्टता का ऊंचा स्तर बनाए रखने के लिए लगातार सावधानी बरतना, सुरक्षा तरीकों का पालन करना और मिलकर ज़िम्मेदारी लेना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर श्री प्रकाश ने वरिष्ठ प्रबंधन के साथ मिलकर सुरक्षा बुलेटिन भी जारी किया, जिसमें सुरक्षा से जुड़ी ज़रूरी बातें, सुरक्षा तरीके और रिफाइनरी में किए गए खास सुरक्षा संबंधी कार्यों को दिखाया गया।


कार्यक्रम के दौरान, इंडियनऑयल के अध्यक्ष श्री ए. एस. साहनी का संदेश कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) श्री संजय रायजादा ने पढ़ा। इसमें संस्था के सभी अधिष्ठापनों में सुरक्षा संस्कृति को और सुदृढ़ करने और कर्मचारियों को दैनिक परिचालन के हर पहलू में सुरक्षा का खास ध्यान देने पर ज़ोर दिया गया।


निदेशक (रिफाइनरीज़) एवं अतिरिक्त प्रभार (पाइपलाइन) श्री अरविद कुमार का संदेश मुख्यमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री भास्कर हज़ारिका ने पढ़ा। इसमें परिचालन उत्कृष्टता बनाए रखने, लगातार सीखने और सुरक्षा मापकों का पालन करने की अहमियत पर ज़ोर दिया गया।
राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह 2026 के अंतर्गत, रिफाइनरी में कई गतिविधियां की जाएंगी, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक ऑनलाइन सेफ्टी क्विज़, सेफ्टी परसेप्शन सर्वे, ऑपरेटर और पर्यवेक्षक के लिए सुरक्षा जागरूकता सत्र, और टैंक ट्रक चालकों और ठेका श्रमिकों के लिए ऑन-द-स्पॉट क्विज़ शामिल हैं, जिनका उदेश्य अधिक से अधिक जागरूकता फैलाना और सबकी भागीदारी है।

बरौनी रिफाइनरी का राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के प्रति दृष्टिकोण एक सुरक्षित कार्यस्थल एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव को सुनिश्चित करता है। यह जानकारी अर्पिता पटेल, कॉर्पोरेट संचार अधिकारी ने दी।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed