Mon. Mar 9th, 2026

निशांत कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र ने थामा जदयू का दामन, बिहार की राजनीति में नई हलचल तेज।

 

न्यूज़ डेस्क, पटना, बबलू कुमार।।

बिहार की राजनीति में उस समय नई चर्चा शुरू हो गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो गए। लंबे समय से राजनीति से दूर रहने वाले निशांत कुमार के पार्टी में आने से जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और इसे बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जदयू के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में निशांत कुमार ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया और उम्मीद जताई कि वे युवाओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।


निशांत कुमार अब तक सार्वजनिक जीवन और राजनीति से दूरी बनाए रखते थे। वे अधिकतर समय आध्यात्मिक और निजी जीवन में व्यस्त रहते थे। हालांकि समय-समय पर यह चर्चा होती रही कि वे भविष्य में राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। जदयू में उनके शामिल होने से इन अटकलों पर अब विराम लग गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार के राजनीति में आने से जदयू को युवा नेतृत्व मिल सकता है। इससे पार्टी को आने वाले चुनावों में नई रणनीति बनाने और युवा मतदाताओं को आकर्षित करने में मदद मिल सकती है।
इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि निशांत कुमार का जदयू में स्वागत है और उनकी भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

वहीं विपक्षी दलों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “वंशवाद की राजनीति” करार देते हुए स्वागत किया है, जबकि जदयू नेताओं का कहना है कि निशांत कुमार अपनी इच्छा से राजनीति में आए हैं और वे पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे।
बिहार की राजनीति में इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि निशांत कुमार पार्टी संगठन में किस प्रकार की भूमिका निभाते हैं और आने वाले समय में वे चुनावी राजनीति में उतरते हैं या नहीं।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed