Wed. Dec 24th, 2025

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय विजय कुमार सिंह।।

बेगूसराय जिले में प्रतिभा की कमी नहीं है। आए दिन यहां के निवासियों के द्वारा अच्छी खबर सामने आते ही रहती है। जहानाबाद ज़िले के खेल भवन में दिनांक 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक आयोजित बिहार राज्य भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025 के पहले दिन बेगूसराय ज़िले के लिए गर्व का क्षण देखने को मिला।

प्रतियोगिता के 56 किग्रा बॉडीवेट वर्ग में प्रतिभाग करते हुए बेगूसराय के ऋषभ कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल 167 किग्रा भार उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। ऋषभ कुमार ने स्नैच: 77 किग्रा और क्लीन एंड जर्क मे 88 किग्रा भार उठाकर यह उपलब्धि हासिल की और बेगूसराय ज़िले का नाम रोशन किया।

इस अवसर पर बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष श्री राज किशोर सिंह ने ऋषभ कुमार को बधाई देते हुए कहा कि, “रिषभ की यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।”

वहीं उपाध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय रेफरी रजनीश भास्कर ने अपने संदेश में कहा कि, “ऋषभ कुमार ने सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि बेगूसराय में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं।”

उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव अभिषेक गौतम एवं कोषाध्यक्ष रोहन कुमार, तकनीकी अधिकारी (Technical Official) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि अंतर्राष्ट्रीय रेफरी रजनीश भास्कर को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए जूरी प्रेसिडेंट के रूप में नियुक्त किया गया है।

बेगूसराय ज़िले के खेल प्रेमियों एवं संघ पदाधिकारियों ने ऋषभ कुमार की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की है।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed