न्यूज डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में खेल विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के पहले दिन श्रीकृष्ण सिंह इंडोर स्टेडियम में योग (बालक/बालिका) की प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें अंडर 14, 17 तथा 19 में विभिन्न प्रखंडों से दर्जनों खिलाड़ी शामिल हुए।
खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का उद्घाटन करते हुए जिले के वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला खेल पदाधिकारी श्री निशांत कुमार ने कहा कि खेल तन मन स्वस्थ रखने का सबसे बड़ा जरिया है, खेल को खेल भावना से खेलें। खेल को अपने जीवन में उतारें तो जीवन अनुशासित हो जाएगी। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने खेल में सफल खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने की बात कही।
इस अवसर पर जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, कार्यक्रम संयोजक अरविंद कुमार, शारिरिक शिक्षक संदीप कुमार, अजित कुमार, सोनू कुमार मौजूद थे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला योग संघ के अध्यक्ष योगी गुडाकेश, शारीरिक शिक्षक ब्रजेश कुमार, सोनू कुमार, अजीत कुमार का सहयोग प्राप्त हुआ।
शहर के कॉलेजिएट उच्च विद्यालय के प्रांगण में फुटबॉल एवं रग्बी (बालिका) अंडर 14, 17 तथा 19 का आयोजन किया गया जिसमें
मटिहानी, बलिया, बरौनी, बेगूसराय, मंसूरचक प्रखंड से आए हुए खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन संयोजक चिरंजीव ठाकुर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैच में खिलाड़ियों के मूव, फिटनेस तथा खेल स्किल के आधार पर जिला टीम का चयन किया गया।
फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक रौशन कुमार, अमन कुमार, रितेश कुमार, सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।
कॉलेजिएट विद्यालय में ही शतरंज (बालक /बालिका) खेल का आयोजन किया गया जिसका संचालन शतरंज संघ के जिला सचिव राकेश कुमार, रामचंद्र रॉय ने किया।
कल्याण केन्द्र बरौनी के हॉल में ताइक्वांडो बालक-बालिका का चयन प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें 450 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन में ताइक्वांडो संघ के सचिव श्री नंदू कुमार के निर्देशन में मणिकांत कुमार, अनिल तांती, मो.फुरकान सहित कुल 15 तकनीकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कल का आयोजन:-
गांधी स्टेडियम बेगूसराय में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो,(बालक-बालिका, अंडर-14/17/19 ), कुश्ती (बालक-17,19)का आयोजन होगा।
बी पी उच्च विद्यालय में क्रिकेट (बालक) अंडर 17 एवं श्री कृष्ण सिंह इंडोर स्टेडियम बेगूसराय में बैडमिंटन बालक एवं बालिका का ट्रायल होगा।
उपरोक्त जानकारी जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने दी।