बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
जिले में शिक्षा विभाग, बिहार; कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में बिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट-2022 “तरंग” प्रतियोगिता का प्रखंड स्तर पर सफल आयोजन के उपरांत जिलास्तरीय “तरंग” प्रतियोगिता (15-17 दिसंबर, 2022) का शुभारंभ आज गांधी स्टेडियम, बेगूसराय़ में वरीय उपसमाहर्ता-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, श्री निशांत कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस मौके पर वरीय उप समाहर्तागण यथा श्री अनीश कुमार, श्री प्रभाकर कुमार, श्री संजीत कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) मो. जमाल मुस्तफा, प्रभारी जिला जन-संपर्क पदाधिकारी श्री भुवन कुमार, शारीरिक शिक्षक-सह-जिला खेल संयोजक श्री विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक श्री अरविंद कुमार, शारीरिक शिक्षक श्री रणधीर कुमार, शारीरिक शिक्षक श्री कन्हैया कुमार आदि मौजूद थे।
इस अवसर पर वरीय उपसमाहर्ता-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, श्री कुमार ने सर्वप्रथम जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता आयोजन के दौरान बेहतर खेल प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दी तथा उनसे अपील करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में खेल-भावना से भाग लेते हुए आयोजन को सफल बनाएं। इस क्रम में उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षकों को भी पारदर्शितापूर्ण तरीके से प्रतियोगिता का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग, बिहार, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित बिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट-2022 “तरंग” प्रतियोगिता अंतर्गत जिलास्तरीय आयोजन तीन खेल परिसरों यथा गांधी स्टेडियम, बेगूसराय, बी.पी.स्कूल, बेगूसराय एवं के.एल. उच्च विद्यालय, मटिहानी में निर्धारित है।
इस दौरान आयु वर्ग 12, 14 एवं 17 के प्रखंडस्तरीय चयनित छात्र एवं छात्राएं एथलेटिक्स जबकि आयु वर्ग 17 के छात्र एवं छात्राएं कबड्डी, खो-खो एवं फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होना है।
इन प्रतियोगिता अंतर्गत कुल 2520 प्रतिभागी यथा एथलेटिक्स में कुल 1080, कबड्डी में 432, खो-खो में 432 एवं फुटबॉल में 576 छात्र/छात्राएं भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय “तरंग” प्रतियोगिता के दौरान दिनांक 15.12.2022 को गांधी स्टेडियम में एथलेटिक्स (बालक एवं बालिका), दिनांक 16.12.2022 को गांधी स्टेडियम में कबड्डी (बालिका) एवं शेष एथलेटिक्स, बी.पी.उच्च विद्यालय में खो-खो (बालिका), के.एल.उच्च विद्यालय, मटिहानी में फुटबॉल (बालिका) तथा दिनांक 17.12.2022 को गांधी स्टेडियम में कबड्डी (बालक), बी.पी. उच्च विद्यालय में खो-खो (बालक) तथा के.एल.उच्च विद्यालय, मटिहानी में फुटबॉल (बालक) प्रतियोगिता निर्धारित है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय जिला को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
इसी कड़ी में उन्होंने यह भी बताया कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।