बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
लगातार बिजली कटौती पर विकासशील इंसान पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता वीर कुंवर सिंह चौक पर आक्रोश पूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।
बेगूसराय में 23 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग पूरी नहीं होने पर चक्का जाम करने का अल्टीमेटम दिया है। मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष समीर सिंह चौहान ने कहा कि थर्मल पावर स्टेशन के प्रदूषण के कारण बेगूसराय शहर में कैंसर रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। थर्मल का प्रदूषण शहरवासी झेल रहे हैं और बिजली शहर से बाहर जा रही है। यह सरासर नाइंसाफी है। पूरे दिन मेहनत करने के बाद बेगूसराय वासियों को चैन की नींद भी मयस्सर नहीं हो पा रही है। विद्यार्थियों का पठन-पाठन बाधित हो रहा है। शहरवासी सारी रात गर्मी से त्राहिमाम करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि गलत बिजली बिल के कारण शहर वासियों को भयंकर मानसिक परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। स्मार्ट मीटर से लगातार ज्यादा बिल आ रहा है। अगर शहर वासियों की समस्या का समाधान नहीं हुआ, शहर में 23 घंटे की निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं हुई तो हम लोग उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होंगे।
कार्यक्रम का नेतृत्व सुनील कुमार ने किया। मौके पर पंकज सिन्हा, गुड्डू सिन्हा, अखिलेश साहनी, अनिकेत पासवान, दिनेश राम, मोहम्मद अफजल, सुधीर महतो के साथ दर्जनों लोग उपस्थित थे।