बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणा स्रोत श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेई जी के सपनों को आज साकार कर आम जनमानस को श्री कृष्ण सेतु समर्पित किया गया। बेगूसराय-मुंगेर सड़क सह रेल पुल के उद्घाटन के मौके पर भारत सरकार के यशस्वी पथ निर्माण मंत्री नितिन गडकरी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आज अटल जी के सपनों को साकार करते हुए हमें अत्यंत ही प्रसन्नता हो रही है साथ ही हम उनके सपनों के नवभारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। जिससे ना केवल भारत का चतुर्दिक विकास हो रहा है बल्कि एक भारत श्रेष्ठ भारत का संकल्प भी फलीभूत हो रहा है।
उन्होंने इस उद्घाटन के मौके पर बेगूसराय जिले को एक और सौगात देते हुए मटिहानी शाम्हो पुल पर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर 5000 करोड़ की लागत से सिक्स लेन पुल का शुभारंभ वर्ष 2022 के नवंबर तक होगा।
इस मौके पर मौजूद भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने माननीय प्रधानमंत्री एवं नितिन गडकरी जी को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से उपेक्षा का दंश झेल रहा यह पुल आज जब आम जनमानस को समर्पित किया जा रहा है तो निश्चित तौर पर हमें यह कहने में कोई गुरेज नहीं है की वर्तमान की सरकार संकल्पित भाव से आम जनमानस की उन्नति हेतु हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने पथ निर्माण मंत्री से गुप्ता लखमीनिया बांध के निर्माण की मांग की एवं मटिहानी शाम्हो पुल के निर्माण की दिशा सकारात्मक संकेत मिलने पर उन्हें कोटिशः आभार व्यक्त किया।
बेगूसराय नगर के विधायक कुंदन कुमार ने माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार, पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं आज उद्घाटन के मौके पर प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुंगेर एवं बेगूसराय सदैव से सांस्कृतिक चेतना से जुड़े जिले के रूप में अपनी ख्याति रखते हैं एवं इस पुल के निर्माण से उस आपसी सद्भाव को और अधिक बढ़ावा मिलेगा तथा दोनों जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती अन्य जिलों को भी सुगम यातायात की सुविधा प्रदान की जाएगी।
उन्होंने मटिहानी शाम्हो पुल के निर्माण की दिशा में नितिन गडकरी द्वारा दिया गया संकेत पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आभार व्यक्त किया एवं कहा कि बेगूसराय जिले के अंडमान द्वीप के रूप में जाने जाने वाले शाम्हो प्रखंड के समेकित विकास हेतु इस पुल का निर्माण वरदान साबित होगा। केंद्रीय व राज्य की सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ विकास के विभिन्न परियोजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन करने के लिए तत्व पर सजग एवं उत्सुक है।
इस मौके जिला उपाध्यक्ष कुंदन भारती, नगर अध्यक्ष रूपेश गौतम, जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पु, जिला मीडिया प्रभारी सुमित सन्नी, नगर मंडल -2 अध्यक्ष विनोद सिंह ने हर्ष व्यक्त किया ।