Fri. Jul 18th, 2025

SH-55 पर सड़क हादसे में एक की मौत, घंटों सड़क जाम, परिजनों में कोहराम

चेरियाबरियारपुर, बेगूसराय, अविनाश कुमार गुप्ता।।

थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव से गुजरनेवाली बेगूसराय रोसड़ा स्टेट हाइवे-55 पर बुधवार को बेलगाम कंटेनर की चपेट में आने से लगभग 47 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान इसी गांव निवासी रामदेव सिंह के पुत्र राम सज्जन कुमार सिंह उर्फ सज्जन के रूप मे हुई है। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य पथ को जाम कर दिया। तथा तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहनों पर नकेल कसने के लिए प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

इस दौरान ग्रामीण मृतक के आश्रितों को मुआवजे की राशि तत्काल भुगतान करने की बात पर अडिग दिखे। वहीं दुर्घटना के बाद सड़क जाम के कारण राहगीरों को भारी फजीहतों का सामना करना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे तक सड़क जाम कर आवागमन को बाधित रखा।

इस दौरान सूचना पर पहुंचे बीडीओ सुशील कुमार, सीओ युगेश दास व प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष प्रभात रंजन दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने बुझाने के प्रयास मे जुट गए। परंतु आक्रोशित लोग मानने को तैयार नहीं थे।

इस दौरान मुखिया गोपाल सिंह के द्वारा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 03 हजार एवं बीडीओ के द्वारा मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार तथा पूर्व मुखिया स्वर्गीय टुनटुन सिंह के पुत्र नीरज कुमार उर्फ सोनू के द्वारा भी तीन हजार रुपए परिजनों को सहयोग राशि प्रदान करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया गया। तब जाकर आक्रोशित लोग शांत हुए। तथा पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया दिन के लगभग तीन बजे मृतक अपने घर के पास ही सड़क पार कर रहे थे। तभी अचानक बेगूसराय की ओर से रोसड़ा की ओर जा रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर के चपेट में आ गए। और घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं उक्त मनहूस खबर जैसे ही परिजनों को मिली कोहराम मच गया। परिजनों के चित्कार एवं करूण क्रंदन से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। वहीं समाज के प्रबुद्धजनों के द्वारा सांत्वना दिया जा रहा था।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच आया है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed