गढ़हरा, बेगूसराय, रविशंकर झा।।
फुलवरिया थाना अंतर्गत फुलवरिया-3 एनएच-28 स्थित कार्बन फैक्ट्री के निकट आज शुक्रवार की अहले सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक की पहचान फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया-3, वार्ड संख्या-1 बख्तर स्थान निवासी स्व. सुवालाल के पुत्र करीब 57 वर्षीय राजेन्द्र राम के रूप में की गई। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन घटनास्थल स्थल पहुँचे। शव को देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही फुलवरिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुँच घटना का जायजा लिया। वहीं उचित मुआबजा के माँग के लिए मृतक के परिजन एवं ग्रामीणों ने एनएच-28 को करीब 2 घंटे तक जाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी तेघड़ा संदीप कुमार पांडेय मौके पर पहुँचकर पीड़ित परिवार से मिलकर दाह संस्कार के लिये 20 हजार रुपये तत्काल उनके परिजन को दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आपदा कोष से चार लाख दिलाने का भी आश्वासन दिया। बीडीओ तेघड़ा के आश्वासन के बाद जाम हटा।
उसके बाद फुलवरिया थाना के अवर निरीक्षक बैकुंठ पासवान ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी करवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगुसराय भेज दिया। इधर ग्रामीणों ने बताया राजेन्द्र राम सुबह 5 बजे अपने घर से प्रतिदिन की भांति शुक्रवार को भी मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे उसी क्रम में ये घटना हुई। उन्होंने बताया कि 24 जून को राजेन्द्र राम के पिता सुवालाल की मृत्यु हुई थी। 1 माह 6 दिन के बाद पुत्र की भी मृत्यु हो गयी।
इधर फुलबड़िया थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहनों की खोज की जा रही है।