बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय में शुक्रवार की शाम टाउन थाना क्षेत्र के व्यस्ततम सड़क पर बेखौफ अपराधियों ने आपसी रंजिश में ज्ञान भारती स्कूल के समीप तीन युवकों को गोली से भून दिया। जिसमें एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच 31 को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। जहां आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर जाम खत्म करने के प्रयास करने लगे। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू करते हुए अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के मालती पिपरा निवासी मनोज कुमार के पुत्र 25 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में की गई है। वहीं घायल की पहचान हर्रख के रहने वाले संतोष शर्मा के 20 वर्षीय पुत्र अंशुमान कुमार तथा विश्वनाथ नगर निवासी 21 वर्षीय राजा कुमार, वार्ड नंबर 15 का निवासी बताया जा रहा है।
खबरों के अनुसार बताया जा रहा है कि घटनास्थल के समीप 5-6 की संख्या में जुटे युवकों में किसी बात को लेकर झड़प हो गई। इसी दौरान एक पक्ष के युवकों ने गोलीबारी शुरू कर दी। मृतक को 4 गोलियां लगी वहीं घायल के पेट मे एक गोली लगी है। गोलीबारी के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की दावा की है।