बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बिहार सरकार पर तीखा हमला करते हुए राजद जिला अध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि बिहार सरकार पूर्णतः फेल हो चुकी है एवं लूट घसोट में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के नाम पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा व्यापक पैमाने पर लूट का उजागर हुआ है। सरकार के द्वारा बिहार में किया गया फर्जीवाड़े और भ्रष्टाचार की यह छोटी बानगी है। सरकार ने कोरोना जांच दवा खरीद, एंबुलेंस, टीकाकरण और मौत के आंकड़ों में भारी फर्जीवाड़ा किया है। मुख्यमंत्री का अलग आंकड़ा है, स्वास्थ्य मंत्री का अलग और स्वास्थ्य विभाग का अलग आंकड़ा है।
नीतीश सरकार बेशर्मी की हदें पार कर चुकी है। बेशर्म को अब भी शर्म नहीं आ रही है। बिहार में स्वास्थ्य विभाग लोगों की जान ले रहा है। मुख्यमंत्री कुछ बकते हैं, स्वास्थ्य मंत्री कुछ फेंकते हैं, स्वास्थ्य विभाग कुछ अलग ही बांसुरी धुन बजाता है। इससे यह स्पष्ट हो गया है की बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था पूर्णरूपेण फेल है।
कोरोना के नाम पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा व्यापक पैमाने पर लूटा जा रहा है, सरकार को कुर्सी पर बने रहने का लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई अधिकार नहीं है। नैतिकता के आधार पर नीतीश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि इनसे बिहार नहीं संभल रहा है।