ब्यूरो प्रमुख – चन्द्र प्रकाश राज
बांध काटे जाने के विरोध में ग्रामीणों ने की सड़क जाम
इसुआपुर
इसुआपुर : – रिपोर्ट रजनीश रंजन बाबा । लौवा बांसदेव नगर गांव स्थित सनकियां चंवर के कुरिया बांध को शनिवार की रात अज्ञात लोगों द्वारा काट दी गई। जिससे आक्रोशित लौवां तथा बासदेव नगर गांव के लोगों ने लौवां गांव के पास छपरा-सत्तर घाट एसएस 90 मुख्य सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बांध काट दिए जाने से पानी का बहाव उनके घरों की तरफ तेजी से होने लगा है।जिससे उनके फसल तथा जान माल की भारी क्षति हो रही है। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि मुख्य सड़क के पश्चिमी तरफ बसी आबादी के पानी का निकास गेहूंआ नदी में था। जो इसुआपुर बाजार से उत्तर पूरब होते हुए बिशनपुरा गांव होते हुए डबरा नदी में गिरता था। इसुआपुर गांव का भी पानी इसी नदी में जाकर गिरता था। लेकिन इस पानी के बहाव वाले रास्ते पर लोगों ने मकान बना लिया है। जिससे पानी का निकास अवरुद्ध हो गया है। आक्रोशित लोग प्रशासन से पानी के निकास का रास्ता निकलवाने की मांग कर रहे थे। जाम स्थल पर समझाने गए प्रशासन तथा पुलिस को भी लोगों के आक्रोश का कोप भाजन होना पड़ा। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को समीपवर्ती थानों से भी पुलिस बल मंगवाना पड़ा। बावजूद लोग अपनी जिद पर अड़े रहे। हलांकि सीओ अजय कुमार ठाकुर ने उन्हें आश्वस्त किया कि काटे गए बांध को शीघ्र भरवा दिया जाएगा। साथ ही मनरेगा के तहत बांध की मरम्मत भी करा दी जाएगी। वहीं पानी के निकास के लिए भी उपाय किए जाएंगे। तब जाकर लगभग 5 घंटे बाद दिन के डेढ़ बजे यातायात बहाल किया जा सका।

