Mon. May 11th, 2026

आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से “सहयोग पोर्टल” का हुआ शुभारंभ, 30 दिनों के अंदर मिलेगा निदान

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

बिहार सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत आज माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा “सहयोग पोर्टल” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा लाइव प्रसारण समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि आम नागरिक अब sahyog.bihar.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायतें एवं समस्याएं ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। साथ ही “सहयोग हेल्पलाइन नंबर-1100” का भी शुभारंभ किया गया, जो प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक संचालित रहेगा। इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे दर्ज करा सकेंगे, जिससे शिकायतों के त्वरित निष्पादन में सहायता मिलेगी।

राज्य सरकार द्वारा यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है कि प्राप्त शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा तथा समस्या के समाधान के उपरांत आवेदक को लिखित रूप से सूचना भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा, जहां आमजन की समस्याओं के ऑन-द-स्पॉट समाधान का प्रयास किया जाएगा।

समाहरणालय स्थित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक बेगूसराय श्री मनीष, उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बेगूसराय, नगर आयुक्त नगर निगम, सिविल सर्जन सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी पदाधिकारियों को सहयोग शिविर को लेकर तैयारी करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों को शिविर में आने वाले लोगों के लिए बैठने एव पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed