न्यूज़ डेस्क, नावकोठी/बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान” का जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन नावकोठी स्थित द्वारिका पैलेस में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह, भाजपा संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया ,भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, बछवाड़ा विधायक सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता, तेघरा विधायक रजनीश कुमार, बेगूसराय सदर विधायक कुंदन कुमार, एमएलसी सर्वेश कुमार, पूर्व मंत्री अशोक महतो, पूर्व विधायक श्री कृष्णा सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान सहित अन्य ने दीप प्रज्वलित कर एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

प्रशिक्षण अभियान का प्रथम सत्र केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लिया ।अपने सत्र के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, महिला एवं युवाओं के कल्याण हेतु अनेक ऐतिहासिक योजनाओं को धरातल पर उतारा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना एवं मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में भाजपा संगठन एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं तथा यही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के विचार को साकार करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना, संगठन की कार्यशैली से अवगत कराना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रेरित करना है।

प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में संगठन महामंत्री भीखु भाई दलसानिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सजग प्रहरी होता है। भाजपा की ताकत उसके समर्पित एवं संस्कारित कार्यकर्ता हैं, जो सेवा, संगठन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का निरंतर वैचारिक एवं व्यक्तिगत विकास संगठन की प्राथमिकता है। एक भाजपा कार्यकर्ता को अपने व्यवहार, अनुशासन, सेवा भावना एवं आचरण से समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन में पद से अधिक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता का चरित्र और समर्पण होता है।
भिखूभाई दलसानिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं से समाज बड़ी अपेक्षाएं रखता है। जनता चाहती है कि भाजपा कार्यकर्ता संवेदनशील, कर्मठ, ईमानदार एवं जनता के सुख-दुख में सहभागी बने। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करें तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की विचारधारा और सेवा कार्यों को पहुँचाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “सेवा ही संगठन” है और इसी भावना के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान संगठन को नई ऊर्जा एवं दिशा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के विचार, व्यवहार एवं संगठनात्मक क्षमता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रही है।
राजीव वर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद का दर्शन आज प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से साकार हो रहा है। भाजपा सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं। प्रशिक्षण अभियान का संचालन जिला महामंत्री कुंदन भारती राकेश पांडे एवं रामप्रवेश सहनी ने संयुक्त रूप से किया। प्रशिक्षण वर्ग में सरकार के विभिन्न कार्यों, भाजपा के संगठन के लोगों की कार्यशैली एवं महापुरुषों के जीवनी की प्रर्दशनी भी लगायी गयी। प्रशिक्षण में भाजपा नेता कृष्णमोहन पप्पू, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार ,किसान मोर्चा के महामंत्री नवीन कुमार,भाजपा नेता निरंजन सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, विकास कुमार, मृत्युंजय कुमार वीरेश ,सुमित सनी, सुनील कुमार मुन्ना, राकेश रोशन ,बेबी रजक,जिला मंत्री शुभम कुमार ,पल्लवी कुशवाहा,पुष्पा राम,रेखा राम, शालिनी देवी, आभा सिंह,ऋचा सिंह,कामिनी कंचन, सहित 250 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता प्रशिक्षण अभियान में शामिल हुए।

