बेगूसराय ::–
विजय श्री ::–
17 अगस्त 2019
शनिवार
@ जिले के 100 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता करवाने का रखा गया लक्ष्य
आज शनिवार को कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में खेल विभाग द्वारा आयोजित जिलास्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2019-20 की तैयारी हेतु कार्यालय में प्रतिनियुक्ति शारीरिक शिक्षकों की बैठक बुलाई गई। कार्यालय कक्ष में जिला खेल संयोजक बिश्वजीत कुमार के संयोकत्व में आयोजित की गई।
इस बैठक में शारीरिक शिक्षक रणधीर कुमार, अशोक कुमार सिंह, रामबाबू सिंह, ब्रजेश कुमार, विजय पोद्दार, चिरंजीवी ठाकुर, अरुणव पंकज, संदीप कुमार, पल्लवी कुमारी, शालिनी कुमारी, पंकज कुमार पंडित, रंजन कुमार, कार्यलय कर्मी अरविंद मिश्रा सहित अन्य शिक्षक शामिल हुए।
आगामी जिलास्तरीय विद्यालय खेल आयोजन जो 26 से 28 अगस्त तक आयोजित है उसे बेहतर रूप से आयोजित करने पर चर्चा की गई। बैठक में शिक्षकों ने कई खेलों में बच्चों की भीड़ को देखते हुए विभिन्न दिनों में अलग अलग खेल आयोजित करने का सुझाव दिया साथ ही विद्यालय से अधिक से अधिक बच्चे भाग ले सकें इसके लिए प्रखंड तथा विद्यालय स्तर पर उन्हें मोटीवेट कर फॉर्म भरवाने का कार्य करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए विभिन्न खेल संघो से बेहतर समन्वय के साथ सहयोग लेने का भी निर्णय किया गया।
इस अवसर पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय आशीष आनंद ने कहा कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता को सफल बनाने हेतु शारीरिक शिक्षकों को अलग अलग खेलों का संयोजक बनाया गया है।
इसमें अरविंद कुमार को महिला कबड्डी, पंकज कुमार को बालक कबड्डी, रणधीर कुमार को महिला वॉलीबॉल, रंजन कुमार को बालक वॉलीबॉल, दीपक कुमार दीप को बालक एथलेटिक्स, रामचन्द्र राय को बालिका एथलेटिक्स, मणिकांत को ताइक्वांडो, विजय पोद्दार को भारोत्तोलन, अशोक कुमार को बास्केटबॉल, संदीप कुमार को खो खो, बजरंग प्रसाद को कराटे, ब्रजेश कुमार को बैडमिंटन, पल्लवी कुमारी को बुशु,शालिनी कुमारी को हैंडबाल, चिरंजीवी ठाकुर को फुटबॉल, अरुनव पंकज को क्रिकेट तथा चंद्रकिशोर कुमार को ओपन खेलों का संयोजक बनाया गया है।
उपरोक्त संयोजक अपने अपने खेलों में खिलाड़ियों का निबंधन करने, मैदान में बेहतर रूप से आयोजन को करवाने तथा आयोजन के पश्चात राज्य हेतु चयनित खिलाड़ियों की सूची तथा उनके योग्यता फॉर्म को समेकित कर विभाग में जमा करने का कार्य करेंगे।
खिलाड़ियों की सुविधा अनुसार विभिन्न तिथियों में अलग अलग खेलों का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तिथिवार कार्यक्रम का प्रकाशन जल्द ही कर दिया जाएगा। इसके लिए जिला खेल संयोजक को अधिकृत किया गया है साथ ही वे जिले के मीडिया से भी बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।
मैदान में खिलाड़ियों को प्राथमिक उपचार तथा स्वास्थ्य सुविधा सिविल सर्जन, बेगूसराय, सुरक्षा हेतु आरक्षी अधीक्षक बेगूसराय तथा स्वच्छ पेयजल- शौचालय की व्यवस्था हेतु नगर आयुक्त, नगर निगम बेगूसराय को गांधी स्टेडियम तथा इंडोर स्टेडियम की उपलब्धता हेतु नजारत उपसमाहर्ता बेगूसराय को पत्र के माध्यम से कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सहयोग के लिए लिखा गया है।
वहीं खिलाड़ियों के अल्पाहार हेतु उप विकास आयुक्त, बेगूसराय के माध्यम से सुधा डेयरी को रबड़ी और लस्सी की उपलब्ध हेतु पत्र भेजा गया है।
जिला खेल संयोजक बिश्वजीत कुमार ने कहा कि 2017 में जिले से 53 खिलाड़ी, जबकि 2018 में 73 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर जिले और राज्य का नाम रौशन किया है। इस बार विभाग का लक्ष्य है कि विभिन्न खेल संघों तथा शारीरिक शिक्षकों के सहयोग से 100 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल करवाया जाए। यह लक्ष्य थोड़ा कठिन है लेकिन मुमकिन है। राज्य में बेगूसराय से आगे सिर्फ पटना जिला ही है जहाँ से सर्वाधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होते हैं।

