न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिलेभर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शनिवार को छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना व्रत का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर छठ व्रतियों ने पूरे दिन उपवास रखकर शाम में विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की।

खरना के अवसर पर व्रतियों ने पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया। पूजा के बाद गुड़ से बनी खीर, रोटी सहित अन्य प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। इसके साथ ही छठ पूजा के अगले चरण की शुरुआत हुई।

घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और समाज के कल्याण की कामना की।

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए घाटों और पूजा स्थलों पर तैयारियां की जा रही हैं। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।


