न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
@ साहेबपुर कमाल में हिराटोल एवं रघुनाथपुर करारी इलाके में हुई छापेमारी, 500 बोरा जिंक और 300 खाली बोरे भी बरामद; प्राथमिकी दर्ज
बेगूसराय। जिले में अवैध एवं नकली उर्वरक के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर साहेबपुर कमाल प्रखंड के हिराटोल एवं रघुनाथपुर करारी इलाके में छापेमारी कर करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की गई।

जानकारी के अनुसार, बेगूसराय-खगड़िया सीमा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के निकट अवैध रूप से डीएपी, पोटाश सहित अन्य उर्वरकों के निर्माण एवं भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार सहित कृषि विभाग की टीम पुलिस बल और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान संबंधित परिसर में ताला बंद मिला। इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत ताला खुलवाकर परिसर की सघन जांच की गई। छापेमारी में करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक, 5 किलोग्राम के 500 बोरा जिंक, 300 खाली बोरे तथा उर्वरक निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले रंग सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।

जब्त उर्वरकों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे। इससे उर्वरकों की गुणवत्ता और उनकी वास्तविक प्रकृति का पता लगाया जा सकेगा। मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। प्रशासन ने बताया कि अवैध उर्वरक निर्माण एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला कृषि पदाधिकारी ने छापेमारी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बलिया श्री बिपिन कुमार एवं साहेबपुर कमाल की पूरी कृषि टीम के कार्यों की सराहना की।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने तथा नकली और अवैध उर्वरक के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


