न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय। जिले के चार प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ियों का चयन 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026-27 के लिए हुआ है। ये खिलाड़ी जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होने से पहले रिफाइनरी टाउनशिप स्थित कल्याण केंद्र में खिलाड़ियों के सम्मान में शुभकामना समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बेगूसराय जिला ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
चार खिलाड़ी करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय स्कूल गेम्स के लिए चयनित खिलाड़ियों में बालक वर्ग से केशव भारद्वाज (अंडर-74 किलोग्राम) और प्रिंस कुमार (अंडर-78 किलोग्राम) शामिल हैं। वहीं, बालिका वर्ग में छोटी कुमारी (अंडर-32 किलोग्राम) और आयुषी कुमारी (ओवर-68 किलोग्राम) बिहार की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
वर्तमान में केशव भारद्वाज और प्रिंस कुमार बीएसएस कॉलेजिएट स्कूल, बेगूसराय में संचालित एकलव्य सेंटर में कोच विवेक प्रकाश के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ खेलने की सलाह
समारोह में जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सह प्रशिक्षक नन्दु कुमार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी, लेकिन खिलाड़ियों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें संयम और आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर खिलाड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल संघ के पदाधिकारियों ने दी बधाई
शुभकामना समारोह में जिला ताइक्वांडो संघ के संयुक्त सचिव अनिल कुमार तांती, जिला कोच मणिकांत, बलिया कोच मनोज कुमार स्वर्णकार, बरौनी कोच एमडी फुरकान, जीवन शक्ति तेघड़ा क्लब के संरक्षक श्याम किशोर सिंह, कोच श्याम कुमार राज, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सौरव कुमार, खेल शिक्षक सह ताइक्वांडो खिलाड़ी विकेश कुमार एवं धीरज कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी राजवंशी, नेशनल रेफरी प्रमोद राजा तथा युवा मोर्चा महामंत्री, तेघड़ा नगर भाजपा के निशांत भारद्वाज सहित अन्य खेल प्रेमी उपस्थित थे।


