न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर बुधवार को बेगूसराय के इनडोर स्टेडियम में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बिहार के विकास, सामाजिक उत्थान और जनकल्याण के क्षेत्र में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उनके नेतृत्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों को प्रेरणादायी बताया गया।
इस अवसर पर डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के आदर्शों और सार्वजनिक जीवन में उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा गया कि उनका जीवन दूरदर्शी नेतृत्व, जनहित और सेवा भावना की प्रेरणा देता है। उनके योगदान का स्मरण नई पीढ़ी को राज्य के विकास, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित करता है।


