न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।
बेगूसराय। दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदान की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी शामिल हुए।
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं (AMF) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी मतदान केंद्र भूतल यानी ग्राउंड फ्लोर पर स्थित हों। किसी केंद्र पर इस संबंध में समस्या होने पर तत्काल जानकारी देने को कहा गया, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
डीएम ने मतदान केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं और मतदान कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मतदान और प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट
23 अक्टूबर को मतदान के साथ दुर्गा पूजा की प्रतिमाओं के विसर्जन की संभावित गतिविधियों को देखते हुए विधि-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने और प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदान और विसर्जन दोनों गतिविधियां शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।


