Sun. Oct 11th, 2026

कल्पवास मेले से पहले एक्शन में बेगूसराय प्रशासन, जीरोमाइल से सिमरिया घाट तक सड़क का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

@ खराब सड़कों की अविलंब मरम्मत और जाम से निपटने के लिए अधिकारियों को निर्देश, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन पर जोर

बेगूसराय। सिमरिया धाम में आगामी 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले कल्पवास मेले और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष ने जीरोमाइल से सिमरिया घाट तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और चकिया के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सड़क पर जाम की समस्या दूर करने और खराब सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

थर्मल के पास खराब सड़क की होगी मरम्मत

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने चकिया एवं थर्मल के समीप सड़क की स्थिति का जायजा लिया। थर्मल के पास डायवर्सन के कारण खराब हुई सड़क को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिट्टी भराई कराकर सड़क को हल्के वाहनों के परिचालन योग्य बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहनों का परिचालन बाधित नहीं होना चाहिए। मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया, ताकि जाम की समस्या को कम किया जा सके।

आईओसीएल के रात्रिकालीन कंसाइनमेंट के लिए निर्देश

जिला पदाधिकारी ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के रात्रिकालीन कंसाइनमेंट के सुचारु परिचालन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्रशासन के सहयोग और आपसी समन्वय से रात्रि में कंसाइनमेंट के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और सामान्य यातायात प्रभावित नहीं हो।

कल्पवास मेला और दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सतर्क

गौरतलब है कि सिमरिया धाम में 18 अक्टूबर से कल्पवास मेले का आयोजन होना है। वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान भी सिमरिया घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में जीरोमाइल से सिमरिया घाट तक सड़क पर जाम लगने की आशंका बनी रहती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन यातायात प्रबंधन, सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि कल्पवास मेले एवं दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों का आवागमन सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बना रहे।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed