Fri. Sep 25th, 2026

बेगूसराय जिले को देशभर में 05 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में “बेस्ट परफॉर्मिंग मॉडल जिला” के सम्मान से नवाजा गया

न्यूज़ डेस्क, बेगूसराय, विजय कुमार सिंह।।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेगूसराय जिले को देशभर में 05 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में “Best Performing Model District” के सम्मान से नवाजा गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान 25 सितंबर 2026 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित आयुष्मान मंथन 2026 कार्यक्रम के दौरान माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, भारत सरकार, श्री जे. पी. नड्डा द्वारा प्रदान किया गया। बेगूसराय जिले की ओर से यह सम्मान श्री अरविंद कुमार वर्मा, भा.प्र.से., विशेष सचिव-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति, पटना द्वारा ग्रहण किया गया।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, आभा आई.डी. निर्माण, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सुलभ बनाने की दिशा में जिले द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों को इस राष्ट्रीय उपलब्धि में महत्वपूर्ण माना गया है। बेगूसराय जिले में अब तक कुल 20.23 लाख आभा आई.डी. का निर्माण किया जा चुका है। साथ ही, जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ने एवं डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस उपलब्धि पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि यह सम्मान स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान जिले की पूरी स्वास्थ्य टीम के लिए गौरव और उत्साह का विषय है तथा इससे डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय, भा.प्र.से. ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य सहयोगी टीमों को बधाई दी। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, डिजिटल, सुलभ एवं जन-केंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया।

By National News Today

नेशनल न्यूज़ टुडे वेब पोर्टल के रूप में आप लोगों के बीच है। यह न्यूज़ पोर्टल "खबरें वही जो हो सही" को अक्षरसः पालन करते हुए, आपके बीच में सदैव ताजातरीन ख़बरों से अवगत कराते रहेंगे।

Related Post

You Missed